वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 7 अक्टूबर को वाराणसी (रोहनिया स्थित जगतपुर इंटर कॉलेज) दौरे को लेकर प्रशासन पूरी तरह एक्शन मोड में आ चुका है। मुख्यमंत्री की हाई-प्रोफाइल जनसभा और भ्रमण कार्यक्रम में परिंदा भी पर न मार सके, इसके लिए वाराणसी कमिश्नरेट ने शहर को अभेद्य सुरक्षा घेरे में तब्दील कर दिया है।
मंगलवार (6 अक्टूबर) को सुरक्षा तैयारियों की कमान खुद अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय) शिवहरी मीणा ने संभाली। उन्होंने वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के दल के साथ जगतपुर इंटर कॉलेज का धरातल पर उतरकर गहन निरीक्षण किया।
चप्पे-चप्पे का मुआयना- पार्किंग से लेकर सुरक्षा घेरे तक ग्राउंड जीरो रिपोर्ट…
निरीक्षण के दौरान अपर पुलिस आयुक्त ने जनसभा स्थल के प्रवेश और निकास द्वारों, विशिष्ट अतिथियों के रूट्स, पार्किंग जोन और आउटर सिक्योरिटी कोरडॉन का बारकी से जायजा लिया। बाहरी जिलों से बुलाई गई अतिरिक्त पुलिस फोर्स और स्थानीय कमिश्नरेट बल को संयुक्त ब्रीफिंग देकर अलर्ट मोड पर रहने का फरमान जारी किया गया है।
इस मेगा-सुरक्षा निरीक्षण में काशी जोन के DCP गौरव बंसवाल, गोमती ज़ोन की DCP नीतू कात्यान, वरुणा ज़ोन के DCP राजेश कुमार पांडेय, DCP (ट्रैफिक, सुरक्षा व एलआईयू) अनिल कुमार यादव समेत ADCP वैभव बंगर, ADCP निपुण अग्रवाल और ADCP नृपेंद्र जैसे शीर्ष अधिकारी मुस्तैद रहे।
सुरक्षा के ‘पंच-सूत्र’, अधिकारियों और जवानों के लिए सख्त हिदायतें…
अपर पुलिस आयुक्त शिवहरी मीणा ने जनसभा को पूरी तरह सुरक्षित और शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए कड़े निर्देश जारी किए हैं।
नो-लापरवाही जोन: सभी अधिकारी और जवान पूरी वर्दी में निर्धारित समय से पहले तैनाती स्थल पर रिपोर्ट करेंगे। बिना आला अधिकारियों की अनुमति के कोई भी अपनी ड्यूटी प्वाइंट नहीं छोड़ सकेगा।
सघन चेकिंग अभियान: मुख्य द्वारों पर मेटल डिटेक्टर्स (DFMD & HHMD) के जरिए दोहरी जांच के बाद ही प्रवेश मिलेगा। संदिग्धों और बैग्स की गहन तलाशी ली जाएगी।
आसमान से नजर, छतों पर स्नाइपर्स: पूरे कार्यक्रम स्थल की CCTV कैमरों से रियल-टाइम मॉनिटरिंग होगी। आसपास की ऊंची इमारतों और छतों पर शार्पशूटर्स तैनात रहेंगे। किसी भी लावारिस वस्तु या वाहन की सूचना तुरंत बम डिस्पोज़ल स्क्वाड (BDDS) को दी जाएगी।
ट्रैफिक डायवर्जन और VVIP रूट: वीवीआईपी मूवमेंट के रास्तों को पूरी तरह से सुरक्षित कर दिया गया है। आमजन को असुविधा न हो, इसके लिए नया रूट-डायवर्जन प्लान और सख्त पार्किंग नियम लागू किए गए हैं।
अफवाहबाज़ों पर सीधा वार: किसी भी प्रकार की अफ़वाह या भीड़भाड़ की स्थिति से निपटने के लिए वायरलेस सेट को 24 घंटे एक्टिव रखने और तुरंत सीनियर्स को रिपोर्ट करने के आदेश हैं।
मुख्यमंत्री की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। वाराणसी कमिश्नरेट हर स्थिति से निपटने के लिए पूरी तरह तैयार है और कार्यक्रम को पूरी गरिमा व अभेद्य सुरक्षा के साथ संपन्न कराया जाएगा।
— शिवहरी मीणा, अपर पुलिस आयुक्त (कानून-व्यवस्था)








