महिंद्रा गाड़ी में ‘पशु आहार’ की आड़ में लाई जा रही थी नशीली खेप, 31 किलो से ज्यादा गांजे के साथ एक शातिर तस्कर गिरफ्तार।
वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी में नशे के सौदागरों के खिलाफ पुलिस का ‘सर्जिकल स्ट्राइक’ जारी है! ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत सिगरा थाना पुलिस ने एक ऐसा कारनामा कर दिखाया है, जिसने ड्रग माफियाओं की कमर तोड़कर रख दी है। पुलिस ने पचपेड़वा इलाके से एक चार पहिया वाहन को घेरकर 31.275 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया है, जिसकी बाजार में कीमत 15 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है।
पशु आहार के पीछे छुपा था ‘नशे का काला कारोबार’…
शातिर तस्कर ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए गजब का दिमाग लगाया था। महिंद्रा वीरों गाड़ी में ऊपर से 10 बोरी पशु आहार लाद रखा था, ताकि किसी को शक न हो। लेकिन ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के आगे तस्कर की यह चालाकी धरी की धरी रह गई। सिगरा पुलिस ने जब गाड़ी की तलाशी ली, तो पशु आहार के नीचे से 30 पैकेटों में भरा भारी मात्रा में नाजायज गांजा बरामद हुआ।
अपराधियों के लिए वाराणसी की सीमाएं पूरी तरह बंद हैं। सिगरा पुलिस का यह एक्शन नशे के सौदागरों के लिए सीधा संदेश है।
तस्कर का पूरा बायोडाटा…
नाम: राज किशोर गोंड (उम्र 27 वर्ष)
पिता: स्व. राज नारायण गोंड
पता: ग्राम नवाडेरा, पो. पुराना भोजपुर, थाना भोजपुर, जिला बक्सर (बिहार)।
मौके से क्या-क्या हुआ बरामद???
नाजायज गांजा: 30 पैकेट (कुल वजन 31.275 किग्रा, कीमत करीब ₹15 लाख)
वाहन: महिंद्रा वीरों (घटना में प्रयुक्त चार पहिया गाड़ी)
कैश: ₹1400 नगद (जामा तलाशी से)
अन्य: 01 की-पैड मोबाइल और 10 बोरी पशु आहार
NDPS एक्ट में मामला दर्ज, जेल भेजने की तैयारी…
पुलिस कमिश्नर के सख्त निर्देशों के बाद डीसीपी काशी जोन, एडीसीपी काशी जोन, एसीपी चेतगंज और थाना प्रभारी सिगरा के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया। पकड़े गए अभियुक्त के खिलाफ थाना सिगरा पर मु0अ0सं0- 0431/2026 धारा 8/20 NDPS एक्ट में गंभीर धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इस पूरे नेक्सस की कुंडली खंगाल रही है कि यह खेप कहां से लाई गई थी और बनारस में किसे सप्लाई होनी थी।
सिगरा पुलिस की ‘जांबाज टीम’ जिसने रचा इतिहास…
प्रभारी निरीक्षक: शिवाकान्त मिश्र।
उप-निरीक्षक (SI): शिवम मिश्रा (चौकी प्रभारी नगर निगम), रोहित त्रिपाठी, सुधीर कुमार अग्रहरी, अंकित कुमार राय, शुभेन्दु दीक्षित, दुर्गा प्रसाद।
हेड कांस्टेबल: जितेन्द्र सिंह, ब्रह्मदेव सिंह।
कांस्टेबल: नागेन्द्र सिंह, प्रदीप कुमार।








