बक्शा थाना पुलिस की ऐतिहासिक कार्रवाई! चोरी के मोबाइलों का बड़ा जखीरा बरामद, साइबर अपराध से जुड़े बड़े नेटवर्क का सनसनीखेज खुलासा

दिल्ली तक फैला था चोरों और साइबर ठगों का यह खतरनाक जाल, जौनपुर पुलिस ने शातिर गैंग के 7 गुर्गों को दबोचा; असेंबल किए जाते थे क्लोन फोन।

जौनपुर: जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ताबड़तोड़ अभियानों के बीच जौनपुर पुलिस को एक बहुत बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। थाना बक्शा पुलिस ने मुखबिर की सटीक सूचना पर छापेमारी करते हुए चोरी के मोबाइल फोन खरीदने, उन्हें कबाड़ से अलग कर असेंबल करने और दिल्ली के बाजारों में खपाने वाले एक अंतर्जनपदीय गिरोह का पर्दाफाश कर दिया है। पुलिस ने इस शातिर गैंग के 07 अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से भारी मात्रा में अवैध सामान बरामद किया है।

इस कार्रवाई की सबसे खतरनाक बात यह सामने आई है कि यह गैंग सिर्फ चोरी के मोबाइल का धंधा नहीं कर रहा था, बल्कि इन पुराने और खराब मोबाइल्स के पार्ट्स (मदरबोर्ड, स्क्रीन आदि) को निकालकर उन्हें फिर से असेंबल करता था और उनका इस्तेमाल देश भर में साइबर अपराधों और लोगों को ठगने के लिए किए जाने की आशंका है।

क्या-क्या हुआ बरामद? कुल रिकवरी…
पुलिस टीम ने आरोपियों के पास से जो सामान बरामद किया है, उसने होश उड़ाने के लिए काफी है।

939 मोबाइल फोन (जिसमें 805 की-पैड और 134 महंगे एंड्रॉयड फोन जैसे- सैमसंग, वीवो, ओप्पो, रेडमी, रियलमी, आईफोन आदि शामिल हैं)।
272 फर्जी सिम कार्ड (विभिन्न टेलीकॉम कंपनियों के, जिनका इस्तेमाल पहचान छुपाकर ठगी में होना था)।
40 बोरे मोबाइल स्क्रैप पार्ट्स (मदरबोर्ड, आईसी, डिस्प्ले, चेसिस आदि)।
₹24,000/- नकद।
01 टाटा टियागो कार (नंबर UP84W9516) और 01 स्प्लेंडर प्लस मोटरसाइकिल (बिना नंबर प्लेट)।

ऐसे चलता था पूरा खेल, साइबर एंगल का बड़ा खुलासा…
पुलिस की पूछताछ और शुरुआती तफ्तीश में जो बातें सामने आई हैं, वे बेहद चौंकाने वाली हैं।

सस्ता माल, बड़ा मुनाफा: यह संगठित गिरोह अलग-अलग जगहों से चोरी और संदिग्ध हालत में कम कीमत पर मोबाइल फोन खरीदता था।
किराए के मकान में गोदाम: सारा माल सौरभ गुप्ता और कामेश गुप्ता के किराए के मकान में इकट्ठा किया जाता था।
क्लोन और कस्टमाइज्ड फोन रिकवरी: पुराने और खराब मोबाइल्स के उपयोगी पार्ट्स को अलग कर उन्हें दोबारा चालू हालत में असेंबल किया जाता था, ताकि कोई पुराना रिकॉर्ड या पहचान न बचे।
दिल्ली कनेक्शन: इस नेटवर्क का मास्टरमाइंड या मुख्य सप्लायर हसीम खान उर्फ वसीम इन मोबाइल्स को दिल्ली की अलग-अलग पार्टियों को बेच देता था। इन फोन्स के संबंध में आरोपियों के पास कोई भी वैध रसीद या कागजात नहीं मिले हैं।
साइबर ठगी की आशंका: बरामद किए गए भारी मात्रा में सिम कार्ड और मोबाइल्स का उपयोग फर्जी कॉल्स, साइबर लिंक भेजने और ऑनलाइन ठगी को अंजाम देने के लिए किए जाने की पुष्टि हो रही है। तकनीकी जांच के जरिए इनकी पूरी कुंडली खंगाली जा रही है।

गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण…
सौरभ गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता (निवासी– उमरपुर शिवगुलामगंज, बक्शा, जौनपुर)
कामेश गुप्ता पुत्र राजकुमार गुप्ता (निवासी– उमरपुर शिवगुलामगंज, बक्शा, जौनपुर)
संजय सिंह पुत्र लोकेपाल सिंह (निवासी– गोधेपुर, गजनेर, कानपुर देहात)
अजय नायक पुत्र दिनेश नायक (निवासी– परतापुर, दिवियापुर, औरैया)
अखिलेश नायक पुत्र विक्रम नायक (निवासी– रामनगर, ठठिया, कन्नौज)
संजय सिंह पुत्र सोनपाल सिंह (निवासी– आरामऊ, रूरा, कानपुर देहात)
हसीम खान उर्फ वसीम पुत्र सलीमुद्दीन (निवासी– वार्ड नं० 82 आशियाना कालोनी, लोहियानगर, मेरठ)

सभी आरोपियों के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है। थाना बक्शा में मुकदमा अपराध संख्या- 571/2026, धारा 3(5), 61(2), 317(2), 317(5) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

इन जांबाज पुलिसकर्मियों की टीम ने किया पर्दाफाश…
इस पूरे सनसनीखेज खुलासे को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थानाध्यक्ष प्रशांत कुमार सिंह के साथ उपनिरीक्षक मुन्नीलाल कन्नौजिया, अरविन्द कुमार, मोहम्मद शहनवाज सिद्दीकी और हेड कांस्टेबल व कांस्टेबल रैंक के अन्य जांबाज पुलिसकर्मी शामिल रहे, जिनकी इस मुस्तैदी की चहुंओर सराहना हो रही है।

Leave a Comment

और पढ़ें