UP में एक सेवानिवृत्त परिवहन अधिकारी के घर छापेमारी में-13 किलो सोना मिलने की खबर ने सबको हिला दिया है। जनता अब सिर्फ हेडलाइन नहीं, नतीजा चाहती है। अगर बरामदगी के बाद भी जवाबदेही तय नहीं हुई, तो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई सिर्फ नारों तक ही सिमित रह जाएगी। ऐसे मामलों से निपटने के लिए आपको क्या लगता है सबसे जरूरी कदम क्या होना चाहिए कमेंट में बताएं???
लखनऊ: उत्तर प्रदेश में एक सेवानिवृत्त परिवहन अधिकारी के घर हुई छापेमारी में लगभग 13 किलो सोना मिलने की पुष्टि ने पूरे प्रदेश को चौंका दिया है। यह मामला केवल एक व्यक्ति की कथित अवैध संपत्ति का नहीं, बल्कि उस व्यवस्था पर भी सवाल खड़ा करता है जहाँ वर्षों तक भ्रष्टाचार की कमाई पर किसी की नजर नहीं पड़ती।
जिस विभाग का काम नियमों का पालन कराना हो, यदि वहीं के कुछ अधिकारी नियमों को अपनी तिजोरी भरने का जरिया बना लें, तो सबसे बड़ा नुकसान आम जनता का होता है। वाहन मालिकों, परिवहन व्यवसायियों और आम नागरिकों से जुड़े विभाग में पारदर्शिता की अपेक्षा रहती है, लेकिन ऐसे मामले लोगों के भरोसे को गहरी चोट पहुँचाते हैं।
विडंबना देखिए, आम आदमी अपनी पूरी जिंदगी की कमाई से कुछ तोला सोना भी मुश्किल से जोड़ पाता है, जबकि कुछ लोग सरकारी नौकरी करते-करते इतने “संपन्न” हो जाते हैं कि उनके घरों से किलो के हिसाब से सोना निकलता है।
लगता है जैसे ईमानदारी अब केवल भाषणों और दीवारों पर लिखे नारों तक ही सीमित रह गई है।
यह घटना उन सभी सरकारी कर्मचारियों के लिए भी दुर्भाग्यपूर्ण है जो पूरी ईमानदारी और निष्ठा से अपनी जिम्मेदारियाँ निभाते हैं। कुछ भ्रष्ट अधिकारियों के कारण पूरे तंत्र की छवि धूमिल होती है।
अब सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि केवल छापेमारी और बरामदगी तक कार्रवाई सीमित न रहे। यदि अवैध संपत्ति अर्जित की गई है, तो उसकी निष्पक्ष जांच हो, दोषियों पर कठोर कार्रवाई हो और यह भी पता लगाया जाए कि इतनी बड़ी संपत्ति बनाने में किन-किन लोगों की भूमिका रही।
जनता अब केवल खबरें नहीं, बल्कि परिणाम देखना चाहती है। क्योंकि यदि 13 किलो सोना मिलने के बाद भी व्यवस्था नहीं बदली, तो भ्रष्टाचार के खिलाफ लड़ाई केवल नारों तक ही सिमट कर रह जाएगी।