मुगलसराय थाने की पुलिस, चौकी औद्योगिक नगर पुलिस एवं एसओजी टीम की संयुक्त कार्यवाही में पटनवा तिराहे पर चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी कर एक शातिर तस्कर को गिरफ्तार किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त के कब्जे से फर्जी नंबर प्लेट लगी रेनाल्ट डस्टर कार और दो प्लास्टिक के बोरों में भरा कुल 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ है। बरामदगी व गिरफ्तारी के आधार पर मु0अ0सं0 328/2026 धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट व धारा 318(4), 338, 336(3), 340(2) बीएनएस के अंतर्गत अभियोग पंजीकृत कर विधिक कार्यवाही की जा रही है।
चन्दौली: थाना मुगलसराय पुलिस और एसओजी चन्दौली की संयुक्त टीम द्वारा सोमवार को पटनवा तिराहे पर चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि मिर्जापुर की ओर से एक काले रंग की रेनाल्ट डस्टर कार में अवैध गांजा लादकर वाराणसी की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना पर सतर्क हुई संयुक्त पुलिस टीम ने मिल्कीपुर-ताहिरपुर हाईवे पर घेराबंदी की। कार के आने पर जब उसे रोकने का प्रयास किया गया, तो वाहन चालक भागने लगा। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया और चालक को दबोच लिया। क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर की उपस्थिति में वाहन की सघन तलाशी लेने पर डिग्गी में रखे दो सफेद प्लास्टिक के बोरों से कुल 24 बंडलों में पैक 24 किलो 800 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
वाहन की जांच ई-चालान ऐप एवं चेसिस नंबर के माध्यम से करने पर पाया गया कि कार पर लगी नंबर प्लेट (UP16BY9490) किसी अन्य वाहन की है। वास्तविक चेसिस नंबर से जांच करने पर रेनाल्ट डस्टर का अलग पंजीकरण पाया गया। अभियुक्त द्वारा गिरफ्तारी और पुलिस से बचने के लिए वाहन पर दूसरे वाहन की फर्जी नंबर प्लेट लगाकर अवैध मादक पदार्थ की तस्करी की जा रही थी। उक्त बरामदगी के आधार पर अभियुक्त को सोमवार को करीब 11.50 बजे नियमानुसार गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अभियुक्त ने अपना नाम उमाकान्त उर्फ हिमांशु बताया। उसने स्वीकार किया कि वह पुलिस की आंखों में धूल झोंकने और पकड़े जाने से बचने के लिए कार पर फर्जी रजिस्ट्रेशन नंबर प्लेट लगाकर अवैध गांजे की तस्करी कर रहा था। वह इस अवैध माल को मिर्जापुर की तरफ से लाकर वाराणसी और आस-पास के क्षेत्रों में ऊंचे दामों पर सप्लाई करने की फिराक में था, ताकि मोटा आर्थिक लाभ कमा सके। पुलिस टीम द्वारा पूछताछ के आधार पर इस तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।