सूचना पर मौके पर पहुंची शिवपुर पुलिस, आस-पास के CCTV फुटेज खंगाले जा रहे हैं, उषा देवी की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू।
वाराणसी: शिवपुर थाना क्षेत्र के परमानंदपुर में चोरों ने उस घर को लूट लिया जिसमें एक गरीब परिवार ने बरसों की मेहनत से अपनी छोटी-छोटी खुशियां सहेज कर रखी थीं। दिन के उजाले में ताला तोड़कर नकदी और जेवर ले जाने की इस वारदात ने पूरे मोहल्ले को दहला दिया।
पीड़िता उषा देवी ने बताया कि रोज की तरह सुबह 9:30 बजे वह, बेटी नेहा और पति भैया लाल घर में ताला लगाकर निकल गए थे। भैया लाल प्राइवेट स्वीपर हैं। घर-घर जाकर झाड़ू-पोंछा करते हैं। दो वक्त की रोटी के साथ उन्होंने इसी कमाई से बेटी के भविष्य के लिए और मुश्किल वक्त के लिए 40 हजार रुपये जोड़ रखे थे। साथ ही करीब 2 लाख के जेवर भी थे, जिन्हें उन्होंने त्योहारों और जरूरत के लिए संभाल कर रखा था।
दोपहर 2 बजे जब उषा देवी वापस लौटीं तो दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था। अंदर का मंजर देखकर पैरों तले जमीन खिसक गई। अलमारी और बक्से बिखरे थे, सामान तितर-बितर था। जिस गुल्लक में उन्होंने पाई-पाई जोड़कर रकम रखी थी, वो खाली थी। जिस संदूक में बेटी के लिए जेवर रखे थे, वो भी साफ हो चुका था।
उषा देवी का कहना है कि भैया लाल सुबह से रात तक मेहनत करते हैं। धूप, बरसात, सर्दी कुछ नहीं देखते। एक-एक रुपये जोड़कर घर चलाते हैं। चोर एक झटके में उनकी बरसों की पूंजी और उम्मीदें लेकर चले गए।
सूचना मिलते ही शिवपुर पुलिस मौके पर पहुंची। घर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। उषा देवी की तहरीर पर अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी के बाद इलाके के लोग सहमे हुए हैं।