चन्दौली: जनपद में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी और प्रभावी कार्रवाइयों में से एक को अंजाम दिया है। एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) वाराणसी यूनिट और थाना अलीनगर पुलिस की संयुक्त टीम ने गोधना मोड़ के पास घेराबंदी कर एक बड़े नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। पकड़ा गया अभियुक्त वाराणसी का रहने वाला है, जिसके पास से 1 किलो 20 ग्राम उच्च गुणवत्ता वाली अवैध हेरोइन बरामद हुई है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग 3 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
मुखबिर की सटीक सूचना पर बुना गया जाल…
मिली जानकारी के मुताबिक, 5 सितंबर को एएनटीएफ और अलीनगर पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि एक तस्कर भारी मात्रा में हेरोइन लेकर चंदौली क्षेत्र में आपूर्ति करने आ रहा है। सूचना मिलते ही गोधना मोड़ अंडरपास सर्विस रोड के पास पुलिस टीम ने सख्त चेकिंग अभियान शुरू किया। जैसे ही संदिग्ध व्यक्ति मौके पर पहुंचा, पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे धर दबोचा।
तलाशी में मिला 3 करोड़ का ‘सफेद जहर’…
पुलिस द्वारा ली गई तलाशी में अभियुक्त के पास से 1 किलो 20 ग्राम भूरे रंग का पाउडर (हेरोइन) बरामद हुआ। गिरफ्तार तस्कर की पहचान अभिषेक सोनकर (21 वर्ष) पुत्र प्रकाश सोनकर, निवासी झोरिया जगदीशपुर (बाबतपुर), थाना फूलपुर, जनपद वाराणसी के रूप में हुई है। पुलिस ने मौके से हेरोइन के अलावा 650 रुपये नगद और एक एंड्रॉइड मोबाइल फोन भी जब्त किया है।
वाराणसी के सरगना से जुड़े तार: चंद पैसों के लालच में बना मोहरा…
कड़ाई से पूछताछ करने पर अभियुक्त अभिषेक सोनकर ने चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि यह हेरोइन उसे वाराणसी के महमूरगंज (आकाशवाणी के पास) के रहने वाले आयुष श्रीवास्तव ने दी थी। आयुष ने उसे चंदौली के गोधना मोड़ हाईवे पर डिलीवरी करने और वहां मिलने वाले व्यक्ति से रुपये लेने के लिए भेजा था। अभिषेक ने कबूला कि वह महज कुछ पैसों के लालच में इस अवैध धंधे में डिलीवरी बॉय का काम कर रहा था
एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज…
इस मामले में थाना अलीनगर में आरोपी के खिलाफ मु0अ0सं0 560/2026, धारा 8/21/29 एनडीपीएस एक्ट के तहत गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब नेटवर्क के मुख्य सरगना आयुष श्रीवास्तव और हेरोइन की डिलीवरी लेने वाले अन्य सदस्यों की तलाश में जगह-जगह दबिश दे रही है।
सराहनीय कार्य करने वाली संयुक्त टीम…
अलीनगर पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उ0नि0 अश्वनी, उ0नि0 अमित सिंह, हे0का0 विकास कनौजिया, रि0का0 अमित कुमार यादव।
ANTF वाराणसी टीम: उ0नि0 आदित्य नारायण सिंह, हे0का0 सचिन कुशवाहा, हे0का0 इन्द्रजीत कुमार, का0 आशुतोष त्रिपाठी, का0 अभिषेक पाण्डेय।








