चीख-पुकार से गूंजा इलाका: रिवॉल्वर पर कब्जे की जंग में छर्रे से छलनी हुआ बेटा, भेलूपुर पुलिस तफ्तीश में जुटी।
वाराणसी: धर्मनगरी वाराणसी का महमूरगंज इलाका शुक्रवार को उस वक्त गोलियों की तड़तड़ाहट से दहल उठा, जब एक ही घर के अंदर पिता और पुत्र आपस में भिड़ गए। लोहित रेजिडेंसी (न्यू कॉलोनी) में देखते ही देखते यह घरेलू कलह इतनी खौफनाक हो गई कि लाइसेंसी हथियार से गोली चल गई। इस दिल दहला देने वाली वारदात में 32 वर्षीय प्रवीण कुमार सिंह गोली लगने से गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें आनन-फानन में इलाज के लिए BHU ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है।
रिवॉल्वर पर जंग और बज गया खतरे का सायरन…
सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, बिंदा सिंह और उनके बेटे प्रवीण के बीच किसी बात को लेकर बहस शुरू हुई थी। बहस इतनी बढ़ी कि प्रवीण गुस्से में अपने पिता की लाइसेंसी रिवॉल्वर उठा लाया। इसके बाद पिता-पुत्र दोनों के बीच हथियार पर कब्जे को लेकर जबर्दस्त छीना-झपटी होने लगी। इसी आपाधापी में अचानक ट्रिगर दब गया और गोली सीधे प्रवीण को जा लगी।
चीख-पुकार से दहला इलाका, पुलिस महकमे में हड़कंप…
घर के भीतर अचानक चली गोली की आवाज सुनते ही परिजनों के होश उड़ गए और पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। खून से लथपथ प्रवीण को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहाँ उसकी हालत बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलते ही भेलूपुर थाना पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और जांच की कमान संभाल ली।
क्या बोली पुलिस???
भेलूपुर पुलिस के अनुसार, शुरुआती तफ्तीश में यही बात सामने आ रही है कि हादसा रिवॉल्वर खींचने के दौरान अचानक गोली चलने की वजह से हुआ। हालांकि, पुलिस हर पहलू और बारिकियों से मामले की तफ्तीश में जुटी हुई है ताकि सच्चाई पूरी तरह सामने आ सके।








