1 लाख रुपये के लालच में सलाखों के पीछे पहुँचा ड्राइवर! चन्दौली पुलिस ने खोला तस्करों का सबसे बड़ा राज।
बुरादे के नीचे ‘ब्रांडेड जाम’: चन्दौली में पकड़ी गई 1.5 करोड़ की अवैध शराब, देखें पुलिस का एक्शन।
चन्दौली: उत्तर प्रदेश की चन्दौली पुलिस ने अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ एक बेहद बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। स्वाट, सर्विलांस और थाना सैयदराजा पुलिस की संयुक्त टीम ने एनएच-19 हाईवे पर नाकेबंदी के दौरान एक संदिग्ध ट्रक से करीब 1 करोड़ 50 लाख रुपये मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। शातिर तस्करों ने पुलिस की नजरों से बचने के लिए शराब की पेटियों को लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपा रखा था, लेकिन पुलिस टीम की मुस्तैदी से इस अंतर्राज्यीय सिंडिकेट की पोल खुल गई।
1185 पेटियों में बरामद हुई 10,450 लीटर से अधिक शराब…
पुलिस विभाग द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, राष्ट्रीय राजमार्ग-19 पर काले शाह बाबा की मजार (उत्तरी लेन) के पास चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान चन्दौली की तरफ से आ रहे ट्रक (संख्या MH 18 BZ 7720) को रोककर जब उसकी गहन तलाशी ली गई, तो पीछे रखी लकड़ी के बुरादे की बोरियों के नीचे छिपाकर रखी गई कुल 1185 पेटी (10,451.52 लीटर) अवैध अंग्रेजी शराब मिली।
बरामद शराब में किंग्स गोल्ड, इम्पीरियल ब्लू, मैकडॉवेल्स, पार्टी स्पेशल और सुपर जुबली जैसे कई नामी ब्रांड्स शामिल हैं। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी गई है।
1 लाख के लालच में पानीपत से बिहार ले जा रहा था खेप…
मौके से पकड़ा गया चालक पुलिस टीम को देखकर भागने की कोशिश कर रहा था, जिसे घेराबंदी कर दबोच लिया गया। अभियुक्त की पहचान शेरा राम उर्फ सुरेश कुमार (उम्र 23 वर्ष), निवासी टाकुबेरी, थाना सिन्धारी, जिला बाड़मेर (राजस्थान) के रूप में हुई है।
कड़ाई से की गई पूछताछ में अभियुक्त ने कुबूल किया कि उसे पानीपत (हरियाणा) में एक अज्ञात व्यक्ति ने शराब से लदा ट्रक सौंपा था। इसे बिहार में ऊंचे दामों पर सप्लाई करना था, जिसके एवज में उसे 1 लाख रुपये मिलने वाले थे।
कार्रवाई करने वाली संयुक्त पुलिस टीम…
इस सफल ऑपरेशन को स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, सर्विलांस प्रभारी उप-निरीक्षक आशीष मिश्रा और थाना सैयदराजा अध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र की संयुक्त अगुवाई में अंजाम दिया गया।
सैयदराजा पुलिस: थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र, उ0नि0 बलबीर सिंह, का0 रतन कुमार, का0 शंकर राम, का0 अंकित कुमार सिंह, का0 राजू सिंह, हे0का0 राजेश यादव व होमगार्ड राम प्रवेश तिवारी।
स्वाट/सर्विलांस टीम: नि0 रामजनम यादव, उ0नि0 आशीष मिश्रा, हे0का0 अरविंद भारद्वाज, आनंद सिंह, राणा प्रताप सिंह, रामानंद यादव, आशुतोष सिंह, सतीश पटेल, दीपक मिश्रा, आदित्य पाण्डेय, प्रेम प्रकाश यादव, का0 नीरज कुमार तिवारी, अजीत कुमार सिंह, अमित सिंह, महेश यादव, गणेश तिवारी, मनोज यादव एवं संदीप कुमार।
पुलिस ने अभियुक्त के खिलाफ थाना सैयदराजा में आबकारी अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मुकदमा पंजीकृत कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। इसके अलावा प्रयुक्त ट्रक, आईफोन और अन्य सामान भी जब्त कर लिए गए हैं।








