कार से भागने की फिराक में था शातिर, पन्नूगंज पुलिस की मुस्तैदी से चंगुल में फंसा अपराधी; आपराधिक इतिहास भी आया सामने
सोनभद्र: जिले में नशे के सौदागरों और अवैध कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत पन्नूगंज पुलिस को बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर एक मारुति फ्रोंक्स कार को रुकवाया और उसकी तलाशी लेकर 10 किलो 250 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया। पकड़े गए गांजे और लग्जरी वाहन की कुल कीमत करीब 15 लाख रुपये आंकी गई है।
आधी रात को घेराबंदी कर दबोचा…
पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशों पर जिले में अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल और क्षेत्राधिकारी सदर सुधीर सिंह के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी श्रीनिवास पाण्डेय की अगुवाई में पुलिस टीम देर रात गश्त पर थी।
ग्राम परसौटी के पास बिहारी मोड़ से लगभग 50 मीटर आगे चेकिंग के दौरान एक तेज रफ्तार मारुति फ्रोंक्स कार ने पुलिस को देखकर अचानक मुड़कर भागने की कोशिश की। संदेह होने पर पुलिस टीम ने सतर्कता दिखाते हुए कुछ ही दूरी पर गाड़ी को घेरकर रोक लिया।
बोरे में मिला 5 पैकेट गांजा…
कार की बारीकी से तलाशी लेने पर एक प्लास्टिक के बोरे से 5 पैकेट बरामद हुए, जिनका वजन 10 किलो 250 ग्राम निकला। बाजार में इसकी अनुमानित कीमत लगभग ₹5.10 लाख बताई जा रही है। वाहन और गांजे की कुल कीमत मिलाकर ₹15 लाख के आसपास है।
गिरफ्तार आरोपी की प्रोफाइल और आपराधिक इतिहास…
पकड़े गए चालक ने अपनी पहचान राजप्रकाश बौद्ध (21 वर्ष), निवासी परसौटी, थाना पन्नूगंज, सोनभद्र के रूप में बताई है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक, आरोपी का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है।
मु0अ0सं0 62/2025: धारा 115(2), 352, 351(2) बीएनएस व एससी/एसटी एक्ट।
मु0अ0सं0 187/2026: धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट (ताजा मामला)।
वैधानिक कार्रवाई और पुलिस टीम…
पुलिस ने अभियुक्त को एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/60 के तहत मामला दर्ज कर अदालत में पेश कर दिया है, वहीं तस्करी में इस्तेमाल हुई मारुति फ्रोंक्स कार को धारा 60 एनडीपीएस एक्ट के तहत सीज कर थाने में खड़ा करा दिया गया है।
सफलता दिलाने वाली टीम…
प्रभारी निरीक्षक श्रीनिवास पाण्डेय।
उप-निरीक्षक अजीत कुमार दुबे।
हेड कांस्टेबल राम निवास यादव।
हेड कांस्टेबल राघोवेन्द्र सरकार।
कांस्टेबल लवकुश खरवार।








