श्रद्धालुओं की सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम! ADG वाराणसी और SP चन्दौली ने परखे घाट, रेलवे स्टेशन पर भी कड़ा पहरा

छठ की सुरक्षा पर सबसे बड़ा अपडेट: ADG और SP ने सड़कों पर उतरकर जांची व्यवस्था, असाइंड फोर्स को सख्त निर्देश।

चन्दौली: लोक आस्था के महान पर्व ‘छठ महापर्व’ को सकुशल, शांतिपूर्ण और सुरक्षित संपन्न कराने के लिए चन्दौली पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद नजर आ रहा है। महापर्व के मद्देनजर अपर पुलिस महानिदेशक (ADG) (वाराणसी जोन, वाराणसी नवीन अरोरा) और पुलिस अधीक्षक (SP) चन्दौली (आकाश पटेल) ने संयुक्त रूप से जनपद के प्रमुख छठ घाटों का स्थलीय निरीक्षण किया। अधिकारियों ने मुगलसराय क्षेत्र के दामोदरदास पोखरा और अलीनगर के मानसरोवर पोखरे पर पहुंचकर सुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया और मातहतों को जरूरी निर्देश दिए।

घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं के कड़े इंतजाम…
प्रशासन की ओर से श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन और सुगम यातायात के लिए पुख्ता प्रबंध किए गए हैं।

जल सुरक्षा और आपदा प्रबंधन: किसी भी अप्रिय घटना या आपात स्थिति से निपटने के लिए पूरे जोन में एनडीआरएफ (NDRF) की टीमें, पीएसी (PAC) की फ्लड कंपनी, प्रशिक्षित गोताखोर और निजी नावें तैनात की गई हैं।
बेहतर लाइटिंग व बैरिकेडिंग: सभी घाटों पर पर्याप्त रोशनी के साथ मजबूत बैरिकेडिंग और सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। कच्चे घाटों पर फिसलन रोकने के लिए विशेष उपाय किए गए हैं।
हेल्प डेस्क व चिकित्सा शिविर: श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रमुख घाटों पर हेल्थ कैंप, ‘खोया-पाया केंद्र’ और पब्लिक एड्रेस सिस्टम बनाए गए हैं, ताकि भीड़भाड़ में बिछड़े अपनों को तुरंत मिलाया जा सके।
महिला सुरक्षा व एंटी रोमियो टीमें: पॉकेटमारी, चेन और मोबाइल स्नैचिंग जैसी वारदतों पर अंकुश लगाने के लिए सादे व वर्दी में पुलिसकर्मियों के साथ-साथ एंटी रोमियो स्क्वाड और ‘मिशन शक्ति’ की महिला पुलिस बल को तैनात किया गया है।
सुबह 3 बजे से मोर्चा संभाल लेगी पुलिस: उगते सूर्य को अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालुओं के प्रातः आगमन (सुबह 03:00 से 03:30 बजे) के मद्देनजर रात 12:00 बजे से ही पुलिस बल की चप्पे-चप्पे पर मुस्तैद तैनाती कर दी गई है।

ADG ने मुगलसराय कस्बा और पीडीडीयू जंक्शन पर किया फ्लैग मार्च…
घाटों के निरीक्षण के बाद ADG वाराणसी जोन ने भारी पुलिस बल के साथ थाना मुगलसराय कस्बा और पीडीडीयू जंक्शन पर पैदल गश्त (फ्लैग मार्च) की। बाजारों, मुख्य मार्गों और भीड़-भाड़ वाले संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए उन्होंने आम नागरिकों से सीधा संवाद किया और उन्हें सुरक्षा का पूरा भरोसा दिलाया। इस दौरान असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखने के स्पष्ट निर्देश दिए गए।

इस उच्चस्तरीय निरीक्षण और सुरक्षा व्यवस्था के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक सदर श्री विक्रम दहिया, क्षेत्राधिकारी पीडीडीयू नगर अरुण सिंह, प्रभारी निरीक्षक अलीनगर गगनराज सिंह, थानाध्यक्ष मुगलसराय अर्जुन सिंह समेत तमाम पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौके पर मौजूद रहे।

Leave a Comment

और पढ़ें