डिपो के मुहाने पर तेल चोरी! 12,000 लीटर से भरे टैंकर से हाथ साफ कर रहे थे चोर, पुलिस की दबिश से मचा हड़कंप

इंडियन ऑयल डिपो के पास टैंकर से डीजल चोरी का भंडाफोड़, औजार और उपकरण बरामद।

चन्दौली: जिले के अलीनगर थाना क्षेत्र में डीजल चोरी का एक शातिर और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। इंडियन ऑयल डिपो के मुख्य गेट से महज 100 मीटर की दूरी पर खड़े एक भारी-भरकम ऑयल टैंकर से बड़े पैमाने पर डीजल चोरी किया जा रहा था। पुलिस की भनक लगते ही मौके पर भगदड़ मच गई और शातिर चोर अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके से 100 लीटर चोरी का डीजल, करीब 12,000 लीटर डीजल/पेट्रोल से भरा टैंकर और चोरी में इस्तेमाल होने वाले तमाम औजार बरामद कर लिए हैं।

ऐसे हुआ खुलासा, मौके पर मची अफरा-तफरी…
अलीनगर थाने की पुलिस टीम सकलडीहा तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से पुख्ता सूचना मिली कि इंडियन ऑयल डिपो के पास खड़े टैंकर (संख्या UP 45 T 3706) के पिछले हिस्से का लॉक तोड़कर अवैध तरीके से डीजल निकाला जा रहा है। पुलिस ने बिना देर किए तुरंत मौके पर दबिश दी। पुलिस को देखते ही वहां मौजूद लोगों के होश उड़ गए और वे उपकरण व चोरी का तेल वहीं छोड़कर दुम दबाकर भाग खड़े हुए।

मौके पर जब पुलिस ने जांच की तो टैंकर के चैंबर का लॉक टूटा मिला और उसमें पाइप लगी हुई थी जिससे लगातार डीजल रिस रहा था।

वाहन मालिक और फरार आरोपियों का खुला राज…
छानबीन के दौरान सामने आया कि जिस टैंकर से चोरी हो रही थी, उसका पंजीकृत वाहन स्वामी मो0 यासिन पुत्र मुर्तजा (निवासी अलीनगर, चंदौली) है। घटनास्थल के बिल्कुल करीब ही उसका ट्रांसपोर्ट कार्यालय भी संचालित है, और उसी के ट्रांसपोर्ट से इंडियन ऑयल कंपनी में कुल 22 टैंकर चलते हैं।

पुलिस की पूछताछ में फरार हुए आरोपियों की भी शिनाख्त हो गई है, जिनकी गिरफ्तारी के लिए ताबड़तोड़ दबिश दी जा रही है।
चन्द्रमा चौहान उर्फ चन्दा (निवासी वार्ड नं. 05 बिछड़ी, अलीनगर)
मंगल चौहान (टैंकर चालक, निवासी वार्ड नं. 10 मुगलचक, अलीनगर)
राजकुमार (खलासी)

क्या-क्या हुआ बरामद???
पुलिस ने मौके से चोरी के माल और अपराध में प्रयुक्त उपकरणों का बड़ा जखीरा जब्त किया है।
लगभग 100 लीटर चोरी किया हुआ डीजल।
लगभग 12,000 लीटर डीजल/पेट्रोल से भरा टैंकर (UP 45 T 3706)
50-50 लीटर क्षमता के दो भरे हुए प्लास्टिक गैलन।
दो खाली प्लास्टिक गैलन और तीन खाली प्लास्टिक बाल्टियाँ।
प्लास्टिक व लोहे की कुप्पी, हथौड़ी, पंच मशीन और 50 पिन।
दो लोहे के पेचकश।
तेल खींचने में प्रयुक्त करीब 20 फीट काली और 8 फीट हरी प्लास्टिक पाइप।

इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा…
पुलिस ने इस मामले में संलिप्त वाहन स्वामी, चालकों और अन्य सहयोगियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में शिकंजा कसा है। थाना अलीनगर में मु0अ0सं0-707/2026, धारा 287, 316(3), 305(B), 317(2), 61(2) बीएनएस एवं धारा 23 पेट्रोलियम अधिनियम के तहत अभियोग पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई तेज कर दी गई है।

कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम…
इस सफल खुलासे में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उ0नि0 योगेन्द्र नाथ यादव, उ0नि0 अनिल कुमार यादव, का0 आकाश सिंह, का0 विजय कोरी, का0 प्रवेश कुमार सिंह और चालक सत्येन्द्र सिंह की मुख्य भूमिका रही।

Leave a Comment

और पढ़ें