तस्करों ने की पुलिस टीम को कुचलने की कोशिश, फिल्मी स्टाइल में पीछा कर बाबतपुर में दबोचा
चन्दौली: जनपद की एसओजी, सर्विलांस टीम और थाना अलीनगर पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए नशे के सौदागरों पर एक और बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान उड़ीसा से तस्करी कर लाई जा रही 60 किलोग्राम अवैध गांजे की बड़ी खेप के साथ 03 शातिर तस्करों को धर दबोचा है। बरामद किए गए गांजे की अनुमानित कीमत बाजार में लगभग 20 लाख रुपये आंकी गई है।
कैसे रची गई थी साजिश???
पुलिस के अनुसार, यह खेप उड़ीसा से सड़क के रास्ते लाई जा रही थी, जिसे सुल्तानपुर और आसपास के अन्य जनपदों में छोटे-छोटे पैकेटों में खपाने की योजना थी। मुखबिर की खास सूचना पर पुलिस टीम हमीदपुर पटनवा के पास संदिग्ध वाहनों की सघन चेकिंग कर रही थी।
इसी दौरान मिर्जापुर की तरफ से आ रही एक संदिग्ध सफेद रंग की मारुति अर्टिगा कार (संख्या: UP44BL9326) को जब रुकने का इशारा किया गया, तो वाहन चालक ने पुलिस टीम पर ही गाड़ी चढ़ाने और कुचलने का प्रयास किया। तस्कर तेजी से गाड़ी भगाकर भागने लगे।
फिल्मी अंदाज में घेराबंदी और गिरफ्तारी…
पुलिस ने बिना वक्त गंवाए गाड़ी का पीछा किया और बाबतपुर क्षेत्र में उसकी घेराबंदी कर ली। खुद को घिरता देख बेखौफ तस्करों ने पुलिस वाहनों को टक्कर मारकर मौके पर अफरा-तफरी का माहौल पैदा करने की कोशिश की। हालांकि, अलीनगर पुलिस और स्वाट-सर्विलांस टीम की सूझबूझ और तत्परता के आगे तस्करों के मंसूब्रे धरे के धरे रह गए।
जब पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, तो गाड़ी की डिक्की में स्टेपनी (टायर) के नीचे शातिर तरीके से छिपाकर रखे गए कुल 60 बंडलों में 60 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण…
अभिषेक सिंह पुत्र संजय सिंह, निवासी—ग्राम बहोरपुर, दोस्तपुर, जनपद सुल्तानपुर (उम्र लगभग 25 वर्ष)। (इस मुख्य आरोपी पर सुल्तानपुर जिले में हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और बलवा जैसे कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।)
अवधेश पुत्र सीताराम, निवासी—ग्राम सिरसिया, दुबौलिया, जनपद बस्ती (उम्र लगभग 20 वर्ष)।
नौशाद पुत्र अनवर अली, निवासी—ग्राम संग्रामपुर, छावनी, जनपद बस्ती (उम्र लगभग 24 वर्ष)।
बरामदगी और कानूनी कार्रवाई…
कुल अवैध गांजा: 60 किलोग्राम (60 बंडलों में) | अनुमानित कीमत: ₹20 लाख।
वाहन: 01 मारुति अर्टिगा कार (संख्या: UP44BL9326)।
अन्य सामग्री: एंड्रॉइड मोबाइल फोन और कुछ नकदी।
थाना अलीनगर में सभी आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0- 667/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट एवं 109(1) बीएनएस के तहत मुकदमा पंजीकृत कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली एसओजी, सर्विलांस और थाना अलीनगर की संयुक्त पुलिस टीम की क्षेत्र में सराहना हो रही है।








