देव दीपावली की भीड़ में सेंध लगाने आए थे शातिर, पुलिस ने एनपीएस गेस्ट हाउस से दबोचा।
वाराणसी: कमिश्नरेट वाराणसी में देव दीपावली के दौरान उमड़ने वाली भारी भीड़ का लाभ उठाकर वारदात को अंजाम देने की फिराक में पहुंचे अंतर्राज्यीय गिरोह का थाना सिगरा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। पुलिस टीम ने गिरोह के सरगना और सदस्यों समेत कुल 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जिनके कब्जे से चोरी किए गए दो मोबाइल फोन और पर्यटकों से उड़ाए गए 57,960 रुपये नकद बरामद हुए हैं।
कैसे हुई गिरफ्तारी और क्या दर्ज हुआ मुकदमा???
अपराध नियंत्रण अभियान के तहत पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण तथा सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज व प्रभारी निरीक्षक सिगरा के नेतृत्व में सिगरा पुलिस सक्रिय थी। इसी क्रम में 24 नवंबर 2026 को सिगरा थाना क्षेत्र स्थित एनपीएस गेस्ट हाउस के पास से इस अंतर्राज्यीय गिरोह को चोरी के माल समेत धर दबोचा गया।
पुलिस ने मामले में थाना सिगरा में मु0अ0सं0- 0482/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 317(2) और 112(2) में अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पकड़े गए आरोपियों की पहचान और विवरण…
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में पुरुषों के साथ महिलाएं भी शामिल हैं। मुख्य आरोपियों का विवरण इस प्रकार है।
गुंटरु तरुन अनिल उर्फ चिन्माकुर्थी मदन उर्फ डूम्मू (पुत्र अप्पा राव), निवासी ताड़ेपल्ली वनटाउन, थाना गुन्टुर, आंध्र प्रदेश।
मालेल्ला साईगोपी (पुत्र कृष्णा, उम्र 34 वर्ष), निवासी 14-1361/2 प्रकाश नगर, कृष्णा नगर, टाडेपल्ली, गुन्टुर, आंध्र प्रदेश।
जांपा किरन कुमार (पुत्र विजय कुमार, उम्र 32 वर्ष), निवासी 13-22 नियर होसन्नामंदिरम, केएल राव कालोनी, टाडेपल्ले, गुंटुर, आंध्र प्रदेश।
इट्टा वेंकटेश (पुत्र प्रसाद, उम्र 34 वर्ष), निवासी 3-1-97/22 हरि प्रसाद नगर, पेराला डाउन ओवरब्रिज, चिराला, प्रकाशम, आंध्र प्रदेश।
इनके अलावा 10 महिला अभियुक्त भी शामिल हैं, जो आंध्र प्रदेश की रहने वाली बताई गई हैं।
आंध्र प्रदेश से जुड़े पुराने आपराधिक रिकॉर्ड…
पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार आरोपियों के खिलाफ पूर्व में आंध्र प्रदेश के विभिन्न थानों व जीआरपी क्षेत्रों में चोरी (तत्कालीन धारा 379 भादवि) से जुड़े कई मामले दर्ज हैं, जिनमें प्रकाशम के तंगुटूर, जीआरपी गुंटकल के चिराला तथा ईस्ट गोदावरी के राजामुंदरी क्षेत्र के मामले शामिल हैं।
बरामदगी का ब्योरा…
तलाशी और पूछताछ के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से निम्नलिखित सामान बरामद किया।
57,960 रुपये नकद (पर्यटकों से चोरी की गई रकम)
एक OnePlus मोबाइल फोन (IMEI: 868434072395553 / 868434072395546)
एक Oppo मोबाइल फोन (IMEI: 860973082298636 / 860973082298628)
कार्रवाई में शामिल रही पुलिस टीम…
इस गिरोह को पकड़ने और माल बरामद करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक शिवाकान्त मिश्र, सोनिया चौकी प्रभारी उ0नि0 सौरभ शाही, उ0नि0 सलमान खान, उ0नि0 डाली साहू, हे0कां0 ब्रम्हदेव सिंह, हे0कां0 जितेन्द्र सिंह, कां0 जटाशंकर पाण्डेय और कां0 विनय चौरसिया शामिल रहे।








