चन्दौली: जिले में अवैध शराब के भंडारण और तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली चंदौली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने कैली रोड स्थित एक मकान पर दबिश देकर बिना वैध लाइसेंस रखी गई 1070 लीटर अवैध शराब बरामद की है। मौके से 10 पुरुष, 2 महिलाएं और 2 बाल अपचारी समेत कुल 14 लोगों को हिरासत में लिया गया है।
तड़के सुबह दी गई दबिश, नकदी और बाइक भी बरामद…
पुलिस के अनुसार, अवैध शराब के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। बुधवार (25 नवंबर 2026) सुबह करीब 6:10 बजे कैली रोड स्थित आकाश तिवारी के मकान पर छापेमारी की गई।
कार्रवाई के दौरान मौके से 1070 लीटर अवैध शराब के साथ-साथ 26,570 रुपये नकद और एक हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल (संख्या UP67W1979) भी जब्त की गई। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ थाना चंदौली में मुकदमा अपराध संख्या 544/2026 के तहत आबकारी अधिनियम की धारा 60(1), 60 और 63 के अंतर्गत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।
पकड़े गए लोगों में यूपी के साथ बिहार के भी कई निवासी शामिल…
हिरासत में लिए गए लोगों में चंदौली के अलावा बिहार के विभिन्न जिलों से जुड़े लोग भी शामिल बताए गए हैं।
पुरुष: बलवन गुप्ता (निवासी मठइहा, थाना धानापुर, चंदौली), पंकज कुमार (निवासी भत्तन बिगहा, थाना हसपुरा, औरंगाबाद, बिहार), मनोज कुमार (निवासी कांटा, थाना सैयदराजा, चंदौली), सचिन कुमार (निवासी दनई, थाना रफीगंज, औरंगाबाद, बिहार), अब्दुल अंसारी (निवासी धमराज, थाना भगवानपुर, सिवान, बिहार), बाबू लाल कुमार (निवासी मजडीहा कलां, थाना फेसर, औरंगाबाद, बिहार), मनोज सिंह (निवासी महुली, थाना दीदारगंज, पटना, बिहार), उदय कुमार (निवासी मोखाना, थाना बसनही, सहरसा, बिहार), सुबोध (निवासी बख्तियारपुर, पटना, बिहार) और कैलाश मंडल (निवासी बख्तियारपुर, पटना, बिहार)।
महिलाएं: सैरो देवी (निवासी चौकी सिटी, पटना, बिहार) और शारदा देवी (निवासी बांसतल, थाना नदी, पटना सिटी, बिहार)।
बाल अपचारी: 2 किशोरों को पुलिस अभिरक्षा में लिया गया है।
इन पुलिसकर्मियों की टीम ने की कार्रवाई…
इस पूरी कार्रवाई को प्रभारी निरीक्षक त्रिवेणी सिंह के साथ उपनिरीक्षक राजेश कुमार, उपनिरीक्षक मारकंडेय सिंह, उपनिरीक्षक हरेंद्र यादव, कांस्टेबल तनिष्क साहू, कांस्टेबल प्रियेश यादव, कांस्टेबल आदर्श शर्मा, महिला कांस्टेबल रागिनी सिंह और महिला कांस्टेबल उर्वशी सिंह की टीम ने अंजाम दिया।








