कांग्रेस नेता अजय राय ने वाराणसी में कफ सिरप के अवैध रैकेट का बड़ा आरोप लगाया है। उनका कहना है कि इस रैकेट में मोदी सरकार की मिलीभगत है और यह बनारस की जनता के जीवन को खतरे में डाल रहा है। अजय राय ने कहा कि आवश्यक औषधि माने जाने वाले कफ सिरप का अवैध कारोबार बनारस में खुलेआम चल रहा है और इसका नेटवर्क कई राज्यों तक फैला हुआ है।
वाराणसी: उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने बुधवार को अपने आवासीय कार्यालय में आयोजित पत्रकारवार्ता में केंद्र व प्रदेश सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि कफ सिरप के अवैध रैकेट ने न सिर्फ बनारस बल्कि आसपास के जिलों में लोगों के जीवन को गंभीर जोखिम में डाल दिया है, जबकि सरकार और संबंधित अधिकारी इस पूरे मामले में “पूरी तरह लापरवाह और संलिप्त” दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने यहां तक आरोप लगाया कि बनारस से चल रहा नेक्सस कई राज्यों तक फैला है, ऐसे में इसमें पीएमओ से भी किसी की संलिप्तता हो सकती है।
बनारस में खुलेआम चल रहा अवैध कफ सिरप का कारोबार- अजय राय
अजय राय ने कहा कि आवश्यक औषधि माने जाने वाले कफ सिरप का अवैध कारोबार बनारस में खुलेआम फल-फूल रहा है। उन्होंने दावा किया कि इस रैकेट का नेटवर्क कई राज्यों से होते हुए विदेशों तक फैला हुआ है। उन्होंने कहा कि “प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में इस तरह के अवैध नेटवर्क का पनपना बताता है कि प्रशासनिक मशीनरी पूरी तरह विफल हो चुकी है।
दस्तावेजों में बड़े स्तर पर धांधली- अजय राय
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कफ सिरप सप्लाई से जुड़े दस्तावेजों में बड़े पैमाने पर गड़बड़ियों का आरोप लगाया। उन्होंने उदाहरण देते हुए बताया कि 15 तारीख के दस्तावेज में भोला प्रसाद का नाम और पूरा पता दर्ज है। 19 तारीख के रिकॉर्ड में शुभम जायसवाल का नाम तो है, लेकिन न पिता का नाम दर्ज है, न पता उल्लेखित है। उन्होंने यह भी बताया कि कई बार सप्लाई दस्तावेजों में अलग-अलग तिथियों पर चंदौली, मुगलसराय, रांची (झारखंड) जैसे भिन्न-भिन्न पते दर्ज किए गए हैं।
उनका कहना था कि यह स्पष्ट संकेत है कि ड्रग लाइसेंस प्राधिकरण के अधिकारियों की मिलीभगत से यह पूरा खेल चल रहा है।
हाईकोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच की मांग…
अजय राय ने इस पूरे मामले की तुरंत हाईकोर्ट की निगरानी में न्यायिक जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि “लोग जहरीली दवाइयों से मर रहे हैं और सरकार दोषियों को बचा रही है। जनता यह जानना चाहती है कि वे सफेदपोश कौन हैं जिन्होंने इस रैकेट की मास्टर प्लानिंग की है।
सरकारी चुप्पी पर सवाल…
अजय राय ने आरोप लगाया कि इतने बड़े अवैध ड्रग नेटवर्क के बावजूद सरकार की चुप्पी यह दर्शाती है कि यह सिर्फ लापरवाही नहीं, बल्कि खुली मिलीभगत है।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के संसदीय क्षेत्र में चल रहे इस रैकेट को प्रशासनिक सुरक्षा मिल रही है और सरकार इसके संरक्षण में काम कर रही है।
धार्मिक आयोजनों में ‘निमंत्रण प्रथा’ पर भी टिप्पणी…
पत्रकारवार्ता के दौरान अजय राय ने धार्मिक आयोजनों में “निमंत्रण की परंपरा” का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि इसे समाप्त कर सभी लोगों को समान रूप से आमंत्रित किया जाना चाहिए, जिससे समाज में समानता की भावना को बढ़ावा मिले।
युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर खतरा- अजय राय
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि विशेष प्रेस वार्ता इसलिए आयोजित की गई है ताकि जनता को बताया जा सके कि अवैध दवा कारोबार किस तरह युवाओं और समाज के भविष्य को बर्बाद कर रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार इस पूरे रैकेट को रोकने में पूरी तरह असफल रही है और जनता को जागरूक होना जरूरी है।













