February 6, 2026 2:58 pm

मुख्यमंत्री के निर्देश पर अफसर हुए सक्रिय, वाराणसी में कड़ाके की ठंड में सड़क पर उतरे डीएम और नगर आयुक्त, अलाव और रैन बसेरों का लिया जायजा

वाराणसी में कड़ाके की ठंड के बीच जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने सड़कों पर उतरकर रैन बसेरों और अलाव की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर की गई, जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रदेश में एक भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर नहीं होना चाहिए।

वाराणसी: कड़ाके की ठंड के बीच सड़कों पर ठिठुरते जरूरतमंदों की सुध लेने के लिए गुरुवार देर रात जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल स्वयं सड़कों पर उतरे। यह कार्रवाई मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के स्पष्ट निर्देशों के तहत की गई, जिसमें उन्होंने कहा है कि प्रदेश में एक भी व्यक्ति खुले आसमान के नीचे सोने को मजबूर नहीं होना चाहिए। मुख्यमंत्री के निर्देश को धरातल पर उतारने के लिए डीएम और नगर आयुक्त ने खुद ठंड में निकलकर हालात का निरीक्षण किया।

रात्रि में सड़कों पर उतरकर लिया हालात का जायजा…
जिलाधिकारी ने देर रात सिकरौल, परमानंदपुर और पांडेयपुर चौराहा क्षेत्रों का भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने रैन बसेरों में रह रहे लोगों के साथ-साथ सड़कों के किनारे और विशेष रूप से पांडेयपुर फ्लाईओवर के नीचे रहने वाले लोगों से बातचीत कर उनकी स्थिति जानी। डीएम ने ठंड में खुले में रह रहे लोगों से अपील की कि जिनके पास आवास की व्यवस्था नहीं है, वे नजदीकी रैन बसेरों में रात्रि विश्राम करें।

रैन बसेरों में व्यवस्थाओं की गहन पड़ताल…
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने रैन बसेरों में मौजूद लोगों से सीधे संवाद कर सुविधाओं की वास्तविक स्थिति को परखा। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिया कि रैन बसेरों में रह रहे किसी भी व्यक्ति को असुविधा न हो। स्वच्छ बिस्तर, नियमित सफाई, शौचालय की समुचित व्यवस्था और पर्याप्त अलाव हर हाल में उपलब्ध कराए जाएं।

अलाव, साफ-सफाई और स्वास्थ्य सुरक्षा पर जोर…
बढ़ती ठंड को देखते हुए डीएम ने अलाव की स्थिति की विशेष जांच की और रैन बसेरों में साफ-सफाई व्यवस्था और बेहतर करने के निर्देश दिए। साथ ही, मच्छरों से बचाव के लिए एंटी लार्वा छिड़काव नियमित रूप से कराने को कहा, ताकि स्वास्थ्य संबंधी किसी भी समस्या से बचा जा सके।

परिवारों और बच्चों के लिए अलग सुरक्षित व्यवस्था…
जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने नगर निगम को निर्देश दिए कि रैन बसेरों में परिवारों और बच्चों के लिए अलग और सुरक्षित रहने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि ठंड के मौसम में महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा और सुविधा सर्वोपरि है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

जनसामान्य से सहयोग की अपील…
डीएम ने आम जनता से भी अपील की कि यदि कहीं कोई व्यक्ति ठंड में परेशान या खुले आसमान के नीचे सोता हुआ दिखाई दे, तो इसकी सूचना तुरंत प्रशासन को दें, ताकि समय रहते उसे सहायता उपलब्ध कराई जा सके। उन्होंने दोहराया कि प्रशासन का लक्ष्य मुख्यमंत्री के निर्देशानुसार यह सुनिश्चित करना है कि वाराणसी में कोई भी व्यक्ति ठंड के कारण सड़क पर रात न बिताए।

नगर आयुक्त रहे साथ, अधिकारियों को सख्त निर्देश…
इस औचक निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल भी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने भी अधिकारियों को निर्देशित किया कि ठंड के मौसम में रैन बसेरों की व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए और जरूरतमंदों को हर संभव राहत उपलब्ध कराई जाए।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें