वाराणसी में सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती के उपलक्ष्य में एकता यात्रा का आयोजन किया गया। इस यात्रा में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना और महापौर अशोक तिवारी ने हिस्सा लिया। यात्रा का उद्देश्य एकता और आत्मनिर्भर भारत के लिए प्रेरित करना था। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व प्रेरक है और उनके प्रयास से भारत अखंड हुआ। वित्त मंत्री ने कहा कि सरदार पटेल को वास्तविक सम्मान देने के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने स्टैचू ऑफ यूनिटी का निर्माण कराया।
वाराणसी: उपमुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 2014 में प्रधानमंत्री पद की शपथ के साथ ही सरदार वल्लभ भाई पटेल के ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के संकल्प को सरकार का संकल्प बनाकर काम किया। कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने आधुनिक भारत के निर्माण में जो भूमिका निभाई वह प्रत्येक देशवासी के लिए प्रेरक है। सरदार वल्लभ भाई पटेल के प्रयास से ही भारत कश्मीर से कन्याकुमारी तक अखंड हुआ। हम विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से सरदार वल्लभ भाई पटेल द्वारा राष्ट्रहित में किए गए कार्यों के प्रति कृतज्ञता व्यक्त करते हुए उन्हें नमन कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में पिछले 11 वर्ष में विकास के साथ साथ विरासत को संजोंने का काम हुआ है। एक तरफ सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ गरीबों व जरुरतमंदो को मिल रहा है। वहीं 25 करोड़ लोगों को गरीबी रेखा के बाहर निकाला गया है। कहा कि काशी विश्वनाथ कारिडोर, अयोध्या में भगवान रामलला का भव्य श्रीराम मंदिर, उज्जैन में श्री महाकाल लोक, मिर्जापुर में विध्यं कारिडोर को भव्य बनाने का कार्य इन 11 वर्षो में हुआ है।
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री व वाराणसी के प्रभारी मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि सरदार पटेल का व्यक्तित्व ऐसा महान व्यक्तित्व था कि उन्होंने अपने घर के अंधेरे को छोड़कर आम गरीब आदमी के घरों को रौशन करने का बीड़ा उठाया। उन्हीं के पदचिह्नों पर चलते हुए पीएम मोदी भी अपने घर परिवार को छोड़कर आम जनमानस की भलाई के लिए दिन रात मेहनत कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल का महान व्यक्तित्व होने के बावजूद भी कांग्रेस ने उन्हें वह सम्मान नहीं दिया जिस सम्मान के वह हकदार थे। नेहरू ने महात्मा गांधी के जरिए सरदार पटेल को कांग्रेस का अध्यक्ष और भारत का प्रधानमंत्री बनने से रोका। कहा कि सरदार पटेल को भारत का गृहमंत्री बनाया गया और अपने इस पद की जिम्मेदारी को निभाते हुए सरदार पटेल ने रियासतों में बंटे हुए भारत को एकीकृत किया और भारत को अखंड भारत बनाया। कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी ने सरदार पटेल को वास्तविक सम्मान दिया और स्टैचू ऑफ यूनिटी का निर्माण कराकर देश और दुनिया को पटेल जी की महानता से अवगत कराया।













