स्कूल के पास गुमटी से गांजा बेच रहा तस्कर गिरफ्तार।
चन्दौली: जनपद में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे ताबड़तोड़ अभियान के तहत मुगलसराय पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम ने मुखबिर की सटीक सूचना पर कार्रवाई करते हुए हाइवे के पास स्थित एक गुमटी से भारी मात्रा में अवैध गांजे के साथ एक तस्कर को धर दबोचा। आरोपी के कब्जे से पुलिस ने 1730 ग्राम गांजा और बिक्री के 800 रुपये नकद बरामद किए हैं।
ऐसे बिछाया गया जाल…
थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के नेतृत्व में मुगलसराय पुलिस टीम को सूचना मिली थी कि ताहिरपुर मिल्कीपुर हाइवे के पास स्थित प्राथमिक विद्यालय से कुछ दूरी पर एक गुमटी के सहारे अवैध कारोबार को अंजाम दिया जा रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्परता दिखाई और बताए गए ठिकाने पर घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से सफेद सिल्वर, पेपर की पुड़ियों और काली पन्नी में छिपाकर रखा गया कुल 1730 ग्राम गांजा बरामद हुआ।
पूछताछ में हुआ बड़ा खुलासा…
गिरफ्तार किए गए अभियुक्त की पहचान विनोद यादव (पुत्र स्व. छोटेलाल यादव, निवासी: सलारपुरा पंचकोशी, थाना सारनाथ, कमिश्नरेट वाराणसी, उम्र करीब 40 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि वह ज्यादा मुनाफा कमाने के चक्कर में गांजे की छोटी-छोटी पुड़िया बनाकर ऊंचे दामों पर बेचने का अवैध काम करता है। घटना वाले दिन भी वह उसी गुमटी पर ग्राहकों का इंतजार कर रहा था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा…
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है।
पंजीकृत अभियोग: मु.अ.सं. 587/2026
धाराएं: 8/20 NDPS Act
थाना: मुगलसराय, जनपद चन्दौली।
धरपकड़ करने वाली पुलिस टीम…
इस पूरी कार्रवाई को अंजाम देने वाली टीम में थानाध्यक्ष अर्जुन सिंह के साथ चौकी प्रभारी औद्योगिक नगर (उ.नि. सूरज रावत), हेड कांस्टेबल राकेश सिंह और कांस्टेबल सुनील गुप्ता शामिल रहे। पुलिस प्रशासन के इस एक्शन से अपराधियों में हड़कंप मच गया है।








