March 24, 2026 9:27 am

कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में वाराणसी पुलिस का बड़ा प्रहार, शुभम जायसवाल के परिजनों की 29 करोड़ से अधिक की संपत्ति जब्त

वाराणसी पुलिस ने कोडीन कफ सिरप तस्करी मामले में बड़ी कार्रवाई की है। शुभम जायसवाल के परिजनों और सहयोगियों की करीब 29 करोड़ 19 लाख रुपये की संपत्तियां जब्त कर ली गई हैं। वाराणसी के आठ अलग-अलग इलाकों में एक साथ की गई इस कार्रवाई से तस्करी नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

वाराणसी: कोडीन कफ सिरप तस्करी से जुड़े मामले में वाराणसी पुलिस ने अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए तस्करी नेटवर्क पर सीधा प्रहार किया है। पुलिस ने शुभम जायसवाल के परिजनों और सहयोगियों की करीब 29 करोड़ 19 लाख रुपये से अधिक की संपत्तियों को जब्त (फ्रीज) कर दिया है। यह कार्रवाई वाराणसी के आठ अलग-अलग इलाकों में एक साथ की गई, जिससे पूरे नेटवर्क में हड़कंप मच गया है।

आठ स्थानों पर एक साथ कार्रवाई, तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा…
पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह कार्रवाई कोडीन कफ सिरप तस्करी से जुड़े मुकदमा अपराध संख्या 343/25 में एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/21/25/29 के तहत की गई है। इससे पहले सोनभद्र पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद अब वाराणसी पुलिस ने भी इस पूरे नेटवर्क की आर्थिक रीढ़ तोड़ने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। पुलिस ने शुभम जायसवाल के परिजनों के साथ-साथ उनके करीबी सहयोगियों की संपत्तियों को भी फ्रीज किया है।

पुलिस के शिकंजे में करोड़ों की संपत्तियां…
पुलिस ने जगदीशपुर क्षेत्र में स्थित तीन संपत्तियों को जब्त किया है, जिनकी कीमत एक करोड़ 21 लाख रुपये से अधिक बताई जा रही है। चेतगंज के लल्लापुरा इलाके में स्थित एक करोड़ पांच लाख रुपये का मकान भी कार्रवाई की जद में आया है। शिवपुर के भरलाई क्षेत्र में 71 लाख रुपये की संपत्ति, मड़ौली में करीब एक करोड़ 15 लाख रुपये की संपत्ति को फ्रीज किया गया है।

इसके अलावा भेलूपुर के तुलसीपुर स्थित गोपाल विहार कॉलोनी में करीब 23 करोड़ रुपये की संपत्ति जब्त की गई है, जो इस कार्रवाई का सबसे बड़ा हिस्सा है। वहीं, जगतगंज रामकटोरा इलाके में स्थित एक करोड़ 98 लाख रुपये की संपत्ति भी पुलिस द्वारा सीज की गई है।

सोनभद्र के बाद वाराणसी पुलिस की निर्णायक कार्रवाई…
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि कोडीन कफ सिरप तस्करी का यह नेटवर्क लंबे समय से सक्रिय था और अवैध कमाई को रियल एस्टेट व अन्य संपत्तियों में निवेश किया गया था। सोनभद्र पुलिस की कार्रवाई के बाद मिले अहम सुरागों के आधार पर वाराणसी पुलिस ने यह बड़ी कार्रवाई की है। जांच एजेंसियां अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और संपत्तियों की भी गहन जांच कर रही हैं।

अवैध कमाई पर प्रहार, आगे भी जारी रहेगी कार्रवाई…
वाराणसी पुलिस ने साफ किया है कि नशे के कारोबार से जुड़ी अवैध कमाई को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। आने वाले दिनों में इस मामले में और भी संपत्तियों पर कार्रवाई हो सकती है। पुलिस का कहना है कि तस्करी नेटवर्क की पूरी श्रृंखला को ध्वस्त करने के लिए कानूनी कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें