पूर्व में नोटिस एवं चेतावनी दिए जाने के बावजूद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग कराने वाले ढाबा संचालकों के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत।
सड़क सुरक्षा व यातायात नियमों का उल्लंघन कर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अवैध पार्किंग कराने वाले ढाबा व होटल संचालकों के विरुद्ध चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई, मुकदमे दर्ज।
मुख्य मार्ग पर अवैध रूप से वाहन खड़ा कराने वाले 20 ढाबा/होटल संचालकों और 05 वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 12 अभियोग पंजीकृत, वैधानिक कार्रवाई जारी।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशानुसार सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु जनपद पुलिस का कड़ा अभियान लगातार जारी।

चन्दौली: जनपद में सड़क सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ बनाए रखने, यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन कराने तथा राष्ट्रीय राजमार्गों पर होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक चन्दौली के निर्देशन में एक विशेष अभियान चलाया गया। इस अभियान के तहत मुख्य सड़कों और हाईवे पर यातायात व्यवस्था को बाधित करने वाले तत्वों के खिलाफ सख्त रुख अपनाया गया है।
पूर्व में सभी ढाबा संचालकों को नोटिस देकर चेतावनी दी गई थी कि अपने ढाबों के सामने मुख्य मार्ग पर वाहन न खड़े करवाएं अन्यथा अभियोग दर्ज किया जाएगा। नोटिस के बाद भी उल्लंघन करने वाले ढाबा संचालकों पर कार्यवाही की गई है।
राष्ट्रीय राजमार्गों पर स्थित ढाबा व होटल संचालकों द्वारा नियमों का उल्लंघन कर मुख्य सड़क पर अवैध रूप से वाहन खड़े कराए जा रहे थे, जिससे यातायात प्रवाह प्रभावित हो रहा था और गंभीर सड़क दुर्घटनाओं का खतरा बना हुआ था। सड़क सुरक्षा को ताक पर रखकर की जा रही इस लापरवाही और यातायात नियमों की अवहेलना को देखते हुए चन्दौली पुलिस ने सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
थानावार की गई कार्रवाई का विवरण…
थाना चन्दौली: कुल 06 ढाबा व होटल संचालकों के विरुद्ध कुल 03 अभियोग पंजीकृत किए गए।
थाना सैयदराजा: कुल 03 ढाबा व होटल संचालकों और 05 वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 03 अभियोग पंजीकृत किए गए।
थाना अलीनगर: कुल 08 ढाबा व होटल संचालकों के विरुद्ध कुल 05 अभियोग पंजीकृत किए गए।
थाना मुगलसराय: कुल 03 होटल व ढाबा संचालकों के विरुद्ध कुल 01 अभियोग पंजीकृत कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
जनपद पुलिस आमजन के सुरक्षित सफर और सुगम यातायात के प्रति पूर्णतः प्रतिबद्ध है। सड़क सुरक्षा नियमों में बाधा उत्पन्न करने, यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने तथा अवैध पार्किंग को बढ़ावा देने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार की कठोर एवं प्रभावी कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी।