चन्दौली: जनपद चन्दौली में थाना बलुआ पुलिस और जनपदीय साइबर सेल की संयुक्त टीम ने फर्जी ‘इन्वेस्टमेंट एडवाइजरी’ कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए साइबर ठगी के एक नए और शातिराना मॉडल का खुलासा किया है। पुलिस ने ‘Readers Community Club’ नाम से चलाई जा रही एक लाइब्रेरी में चल रहे इस अवैध नेटवर्क का पर्दाफाश कर मुख्य संचालक सहित कुल 12 अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है।
लाइब्रेरी की आड़ में ठगी का खेल…
थाना बलुआ प्रभारी निरीक्षक संतोष कुमार सिंह और साइबर सेल के उप-निरीक्षक अभिषेक शुक्ला के नेतृत्व में पुलिस टीम को मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम सराय रसूलपुर में आनन्द मौर्या के मकान पर लाइब्रेरी की आड़ में संदिग्ध गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। छापेमारी के दौरान पुलिस ने देखा कि कई युवक लैपटॉप और मोबाइल के जरिए संगठित रूप से कॉल सेंटर चला रहे थे।
ठगी का तरीका और ‘मोडस ऑपरेंडी’…
पूछताछ में पता चला कि इस फर्जी नेटवर्क का मुख्य संचालक आनन्द मौर्या है, जो अपने साथियों को संभावित ग्राहकों के मोबाइल नंबर उपलब्ध कराता था। आरोपी खुद को शेयर मार्केट और स्टॉक मार्केट का एक्सपर्ट या इन्वेस्टमेंट एडवाइजर बताकर लोगों को अधिक मुनाफे का झांसा देते थे। विश्वास में लेने के बाद, ये पीड़ित व्यक्तियों के डिमैट (Demat) व ट्रेडिंग अकाउंट की एक्सेस हासिल कर लेते थे। अकाउंट हैंडलिंग के दौरान जब बड़ा नुकसान हो जाता था, तो पीड़ित का वहन छोड़कर आरोपी अपने फोन बंद कर लेते थे।
250 क्लाइंट्स का विवरण और ₹9.50 लाख की धोखाधड़ी…
पुलिस को मौके से एक हस्तलिखित डायरी और 2 रजिस्टर बरामद हुए हैं, जिनमें करीब 250 क्लाइंट्स के नाम, मोबाइल नंबर और ट्रेडिंग प्रविष्टियां दर्ज थीं। पुलिस टीम द्वारा डायरी में दर्ज नंबरों पर संपर्क करने पर ज्ञात हुआ कि केवल 03 क्लाइंट्स से ही अब तक करीब ₹9,50,000 की ठगी की जा चुकी है।
बरामदगी एवं कानूनी कार्रवाई…
पुलिस टीम ने छापेमारी और मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के दौरान भारी मात्रा में इलेक्ट्रॉनिक उपकरण बरामद किए हैं।
लैपटॉप: 04 (Apple, HP EliteBook सहित)
मोबाइल फोन: 24
सिम कार्ड: 42 active SIMs
हार्ड डिस्क: 01 (Seagate 250 GB Internal Hard Disk)
दस्तावेज: 01 हस्तलिखित डायरी एवं 02 रजिस्टर
मामले में थाना बलुआ पर मु0अ0सं0 254/2026 के तहत भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 61(2), 3(5) और 66D IT Act में मामला पंजीकृत कर आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची…
1) आनन्द मौर्या (मुख्य संचालक)
2) प्रकाश मौर्या
3) जोगिंदर मौर्या
4) सिद्धार्थ मौर्या
5) अभिषेक विश्वकर्मा
6) विकास शर्मा
7) कुशवाहा
8) प्रीतम कुमार मौर्या
9) अमन कुमार मौर्या
10) आकाश मौर्या
11) विशाल गौड़
12) विशाल मौर्या








