ऑपरेशन शुद्धि: ओडिशा से यूपी तक फैला था तस्करी का जाल, SOG और शाहगंज पुलिस ने बिछाया ऐसा जाल कि कंटेनर छोड़ भागे तस्कर।
सोनभद्र: जिले में नशीले पदार्थों के काले कारोबार पर लगाम लगाने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत पुलिस को एक ऐतिहासिक सफलता हाथ लगी है। सोनभद्र की शाहगंज पुलिस और SOG (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) की संयुक्त टीम ने ओडिशा से आ रहे एक अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए 2 तस्करों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
तस्करों के पास से 6 क्विंटल 25 किलोग्राम (625 किग्रा) अवैध गांजा बरामद किया गया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत 3 करोड़ 10 लाख रुपये बताई जा रही है। इसके अलावा तस्करी में इस्तेमाल 6-चक्का टाटा कंटेनर (कीमत लगभग 20 लाख रुपये), 2 मोबाइल फोन और 10,000 रुपये कैश भी जब्त किए गए हैं। कुल बरामदगी की कीमत ₹3.30 करोड़ आंकी गई है।
फिल्मी अंदाज में बनाया था ‘सीक्रेट केबिन’, खाली ढाला देखकर चौंक गई थी पुलिस…
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने जब कंटेनर को रोका और पीछे का ढाला खोला, तो वह पूरी तरह से खाली नजर आया। हालांकि, सटीक मुखबिरी और शक के आधार पर जब बारीकी से छानबीन की गई, तो सच सामने आ गया।
तस्करों ने गांजे को छिपाने के लिए कंटेनर के आगे हिस्से में लोहे की मोटी चादरों को वेल्डिंग करके एक विशेष गुप्त केबिन (Secret Cabin) तैयार कर रखा था। जब पुलिस ने तस्करों की निशानदेही पर इस केबिन को कटवाकर खुलवाया, तो अंदर से गांजे की सैकड़ों बोरियां बरामद हुईं।
रॉबर्ट्सगंज-घोरावल मार्ग पर घेराबंदी, नहर के भीटे पर दौड़ाकर दबोचा…
पुलिस के अनुसार, सूचना मिलने के बाद गौरीशंकर मंदिर के पास पुलिया पर नाकेबंदी की गई थी। पुलिस टीम को देखकर चालक ने पुलिया से पहले ही कंटेनर खड़ा कर दिया और दोनों आरोपी गाड़ी से कूदकर भागने लगे। पीछे से आ रही SOG टीम और स्थानीय पुलिस ने तुरंत पीछा किया और नहर के भीटे पर भाग रहे दोनों शातिर तस्करों को सुबह करीब 3:00 बजे दौड़ाकर धर दबोचा।
गिरफ्तार आरोपियों की प्रोफाइल…
दिलीप कुमार देहुरी (36 वर्ष) — निवासी: सरखिया, ढेनकनाल, ओडिशा।
संतोष कुमार साहू (42 वर्ष) — निवासी: महुलपाल, ढेनकनाल, ओडिशा।
कटक से लोड हुआ था माल, मिर्जापुर में होनी थी डिलीवरी…
कड़ाई से की गई पूछताछ में तस्करों ने खुलासा किया कि वे ओडिशा के कटक स्थित अपने सरगना के लिए काम करते हैं। उसी सरगना ने कंटेनर में स्पेशल केबिन बनवाकर गांजा लोड कराया था। यह खेप ओडिशा से होकर उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले में किसी बड़े सप्लायर को पहुंचाई जानी थी। पुलिस अब मिर्जापुर और कटक के उन संपर्कों की तलाश में जुट गई है।
NDPS व MV एक्ट के तहत कड़ी कानूनी कार्रवाई…
सोनभद्र के पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल एवं क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के पर्यवेक्षण में यह पूरी कार्रवाई अंजाम दी गई।
थाना शाहगंज में अभियुक्तों के खिलाफ NDPS एक्ट की धारा 8/20/27A/29/60 के तहत मुकदमा (मु0अ0सं0-101/2026) दर्ज कर लिया गया है। इसके साथ ही तस्करी में प्रयुक्त कंटेनर को NDPS एक्ट एवं 207 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
सफलता हासिल करने वाली जांबाज टीम…
निरीक्षक रामस्वरूप वर्मा (प्रभारी SOG, सोनभद्र)
थानाध्यक्ष मानवेंद्र सिंह (थाना शाहगंज)
उप-निरीक्षक राहुल पाण्डेय (चौकी प्रभारी कस्बा, शाहगंज)
हेड कांस्टेबल: मनीष कुमार सिंह, रितेश पटेल, लालजी यादव (SOG)
कांस्टेबल: अजीत यादव, शिवम मौर्या, जय प्रकाश सरोज (SOG)








