कंटेनर के सीक्रेट केबिन से मिला 251 किलो गांजा, झारखंड से वाराणसी सप्लाई की थी तैयारी।
चन्दौली: उत्तर प्रदेश में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) गाजीपुर और चन्दौली की अलीनगर थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। संयुक्त कार्रवाई के दौरान पुलिस टीम ने एक कंटेनर से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद करते हुए एक अंतरराज्यीय तस्कर को धर दबोचा। जब्त किए गए गांजे का कुल वजन 2 क्विंटल 51 किलो 200 ग्राम है, जिसकी बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 1 करोड़ 25 लाख रुपये आंकी गई है।
मुखबिर की सूचना पर बिछाया गया जाल…
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, 20 सितंबर को मुखबिर के जरिए पक्की सूचना मिली थी कि झारखंड से एक संदिग्ध कंटेनर में गांजे की बड़ी खेप रामनगर औद्योगिक क्षेत्र की ओर आ रही है। सूचना मिलते ही ANTF गाजीपुर और अलीनगर पुलिस की टीम ने तुरंत हरकत में आते हुए रामनगर औद्योगिक क्षेत्र के पास कटरिया सर्विस लेन पर नाकेबंदी कर दी। जैसे ही संदिग्ध कंटेनर (UK06CB5283) वहाँ से गुजरा, पुलिस ने उसे रोक लिया।
कंटेनर के केबिन में बना था ‘सीक्रेट बॉक्स’…
जब पुलिस ने गाड़ियां रोककर तलाशी शुरू की, तो सामान्य जांच में कुछ नजर नहीं आया। हालांकि, बारीकी से छानबीन करने पर चालक केबिन के ऊपरी हिस्से में एक विशेष गुप्त बक्सा (सीक्रेट केबिन) बना हुआ मिला।
जब उस बक्से को खोला गया, तो उसमें से 8 प्लास्टिक की बोरियों में पैक किए गए कुल 120 बंडल अवैध गांजा बरामद हुए।
तस्कर ने कबूला झारखंड से जुड़ा कनेक्शन…
पुलिस की हिरासत में आए आरोपी ने पूछताछ के दौरान अपना नाम बजरंग कुमार सिंह (29 वर्ष), निवासी बोकारो (झारखंड) बताया।
आरोपी ने खुलासा किया कि यह माल उसे झारखंड के बोकारो निवासी मंटू सिंह ने लोड करवा कर दिया था। इस खेप को वाराणसी के पास रामनगर क्षेत्र में किसी स्थानीय नेटवर्क को डिलीवर करना था, जिसके एवज में उसे मोटी रकम मिलने वाली थी।
बरामद सामान का विवरण…
अवैध गांजा: 2 क्विंटल 51 किलो 200 ग्राम (120 बंडल) — कीमत लगभग ₹1.25 करोड़
वाहन: 1 कंटेनर (नंबर: UK06CB5283)
अन्य सामग्री: 1 एंड्रॉयड स्मार्टफोन, वोटर आईडी, आधार कार्ड, डेबिट/एटीएम कार्ड और ₹900 नकद।
NDPS एक्ट के तहत मामला दर्ज…
अलीनगर थाना पुलिस ने बरामद माल को जब्त करते हुए आरोपी के खिलाफ मु.अ.सं. 586/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट (8/20/29/60) की गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी के पूरे नेटवर्क (सप्लायर और रिसीवर) को खंगालने में जुटी है।
कार्रवाई करने वाली संयुक्त टीम…
अलीनगर पुलिस टीम: प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, उप-निरीक्षक अश्वनी कुमार सिंह (चौकी प्रभारी जफरपुर), हेड कांस्टेबल रामराज, कांस्टेबल अखिलेश सिंह।
ANTF गाजीपुर टीम: प्रभारी निरीक्षक सुरेंद्र नाथ सिंह, उप-निरीक्षक शमी अशरफ शेख, हेड कांस्टेबल संजय सिंह रजावत, कांस्टेबल जयंत सिंह, शिवांश राय, देवानंद एवं चालक इंद्रपाल सिंह।








