मिर्जापुर: जनपद में नशे के सौदागरों और अवैध मादक पदार्थों के तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान में मिर्जापुर पुलिस को बड़ी कामयाबी हासिल हुई है। कोतवाली देहात पुलिस, SOG और सर्विलांस की संयुक्त टीम ने सटीक इनपुट के आधार पर घेराबंदी कर अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने एक लग्जरी ईको स्पोर्ट्स कार से भारी मात्रा में अवैध गांजा बरामद करते हुए दो शातिर तस्करों को रंगे हाथों दबोच लिया।
चेकिंग के दौरान हत्थे चढ़े तस्कर, कार से मिलीं प्लास्टिक की बोरियां…
पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के सख्त निर्देशों पर अपर पुलिस अधीक्षक नगर व क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में पुलिस टीम बरकछा खुर्द के पास छितपुर मोड़ पर सघन चेकिंग अभियान चला रही थी। इसी दौरान संदिग्ध दिख रही ईको स्पोर्ट्स कार (UP90N2087) को रोककर जब उसकी तलाशी ली गई, तो पुलिस टीम के होश उड़ गए। कार के भीतर छिपाकर रखी गईं 04 प्लास्टिक की बोरियों से कुल 50.800 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ। जब्त गांजे और वाहन की कुल अंतरराष्ट्रीय कीमत करीब ₹35 लाख आंकी गई है।
उड़ीसा से बांदा के लिए हुई थी डिलीवरी, चालक बनकर कर रहे थे तस्करी…
पुलिस की कड़ी पूछताछ में पकड़े गए अभियुक्तों ने खुलासा किया कि वे महज कार चालक के रूप में काम करते हैं। उन्हें किसी अन्य मुख्य सरगना के कहने पर उड़ीसा से यह गांजा लादकर बांदा पहुँचाने की जिम्मेदारी दी गई थी। इस काम के एवज में उन्हें तगड़ी रकम मिलने वाली थी, लेकिन बांदा पहुँचने से पहले ही मिर्जापुर पुलिस के नेटवर्क ने उनके मंसूबों पर पानी फेर दिया।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण…
ओमेन्द्र सिंह (उम्र 23 वर्ष) – पुत्र बलवीर सिंह, निवासी: विलहरका, थाना करतल, जनपद बांदा।
तुषार कुमार (उम्र 24 वर्ष) – पुत्र बाबूलाल, निवासी: N125/27, वजीरपुर सत्संग, थाना A-ब्लॉक, दिल्ली।
क्या-क्या हुआ बरामद???
50.800 किग्रा अवैध गांजा (04 बोरियों में बंद)
01 अदद ईको स्पोर्ट्स कार (UP90N2087)
02 अदद मोबाइल फोन (जामा तलाशी के दौरान)
केस दर्ज, कार सीज कर भेजा गया जेल…
मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना कोतवाली देहात पर अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0-460/2026 धारा 8/20/29/60 NDPS एक्ट के तहत मुकदमा पंजीकृत किया गया है। कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को जेल भेजने की कार्रवाई की जा रही है। वहीं तस्करी में प्रयुक्त ईको स्पोर्ट्स कार को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है।
सफल पुलिस टीम…
कार्रवाई को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में SOG/सर्विलांस प्रभारी निरीक्षक राजीव सिंह व उनकी टीम, तथा करनपुर चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक ऋषिदेव शुक्ल (थाना को0 देहात) मय पुलिस बल शामिल रहे।








