कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे छिपाकर लाई जा रही थी पंजाब ब्रांड की अवैध शराब, हरियाणा से झारखंड हो रही थी तस्करी।
सोनभद्र: जिले में अपराधियों और शराब तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे सख्त अभियान “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत सोनभद्र पुलिस और एसओजी टीम ने एक और बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। रॉबर्ट्सगंज थाना पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने एक ट्रक से भारी मात्रा में अंतरराज्यीय अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की है। शराब की इस बड़ी खेप को लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक की पेटियों के नीचे बेहद शातिर तरीके से छिपाकर ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से दो शातिर तस्करों को भी दबोच लिया है।
बरामदगी और कार्रवाई पर एक नजर…
कुल बरामद अवैध अंग्रेजी शराब: 625 पेटियों में कुल 9,588 शीशियाँ (अनुमानित कीमत लगभग ₹65 लाख)
ब्रांड्स: Royal Stag (750 ML व 180 ML) और Royal Green (750 ML) — सभी बोतलों पर स्पष्ट रूप से “Only for Punjab Sale” अंकित है।
कोल्ड ड्रिंक बरामदगी: लाहौरी जीरा की 1,275 यूनिट (कीमत लगभग ₹2 लाख 85 हजार)
वाहन व अन्य सामान: तस्करी में प्रयुक्त एक ट्रक और 02 मोबाइल फोन (कीमत लगभग ₹25 लाख)
कुल बरामदगी का कुल मूल्य: लगभग ₹93 लाख
गिरफ्तार अभियुक्त…
नसीब चन्द राजपूत (निवासी – बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश)
कृष्णपाल राजपूत (निवासी – बिलासपुर, हिमाचल प्रदेश)
पंजीकृत मुकदमा: थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 839/2026, धारा 60/63 आबकारी अधिनियम एवं बीएनएस की गंभीर धाराओं (318(4), 336(3), 338, 340(2)) के तहत मामला दर्ज।
ऐसे हुआ शातिर तस्करी का पर्दाफाश…
शारदीय नवरात्र एवं दशहरा पर्व के मद्देनजर सोनभद्र पुलिस पूरी तरह मुस्तैद थी। इसी दौरान मुखबिर से मिली खास सूचना पर संयुक्त पुलिस टीम ने रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत पंचमुखी हनुमान मंदिर से आगे चुर्क रोड पर खड़े एक संदिग्ध ट्रक की घेराबंदी कर जांच की।
जब पुलिस ने ट्रक के केबिन में बैठे दोनों व्यक्तियों से पूछताछ की, तो उन्होंने ट्रक में लाहौरी जीरा कोल्ड ड्रिंक लदे होने की बात कही और दिल्ली से झारखंड माल भेजने से जुड़े इनवॉइस व ई-वे बिल दिखाए। लेकिन जब कड़ाई से पूछताछ की गई और उनके बताए गए रूट तथा बयानों में भारी विसंगति पाई गई, तो पुलिस ने शक के आधार पर ट्रक की सघन तलाशी ली।
तलाशी लेते ही तस्करों का पूरा खेल बेनकाब हो गया! कोल्ड ड्रिंक की ऊपरी पेटियों की आड़ में नीचे छिपाकर रखी गई पंजाब मार्का अंग्रेजी शराब की सैकड़ों पेटियां बरामद हुईं, जिन्हें हरियाणा के पानीपत और पंचकूला से होते हुए झारखंड की राजधानी रांची ले जाया जा रहा था।
अपराधियों के खिलाफ सोनभद्र पुलिस की सख्त चेतावनी…
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। इस सनसनीखेज तस्करी के खुलासे में रॉबर्ट्सगंज थाना प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह, एसओजी प्रभारी रामस्वरूप वर्मा और उनकी पूरी संयुक्त टीम की भूमिका बेहद सराहनीय रही है। पुलिस अब इस नेटवर्क के मुख्य सरगना और वाहन मालिकों की तलाश में जुट गई है ताकि इस अंतरराज्यीय सिंडिकेट की जड़ों तक पहुँचा जा सके।








