चन्दौली: जनपद की अलीनगर थाना पुलिस और एसओजी टीम ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक और बड़ा प्रहार किया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान मुखबिर की सटीक सूचना पर रेवसा रिंग रोड सर्विस लेन के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध मोटरसाइकिल को दबोचा। तलाशी के दौरान तस्करों के पास से 540 ग्राम अवैध अफीम बरामद हुई, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 03 लाख रुपये आंकी गई है। पुलिस ने दोनों शातिर तस्करों को गिरफ्तार कर एनडीपीएस (NDPS) एक्ट के तहत जेल भेज दिया है।
भागने की कोशिश, पर पुलिस ने किया चारों तरफ से फेल…
थाना अलीनगर पुलिस टीम इलाके में संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी मुखबिर से खास सूचना मिली कि कुछ तस्कर अवैध नशे की बड़ी खेप लेकर गुजरने वाले हैं। पुलिस ने रेवसा रिंग रोड सर्विस लेन के पास जाल बिछाया। जैसे ही UK06BM2563 नंबर की संदिग्ध मोटरसाइकिल पर सवार लोगों को रुकने का इशारा किया गया, उन्होंने भागने की कोशिश की। लेकिन सतर्क पुलिसकर्मियों ने तत्परता दिखाते हुए उनकी चाल नाकाम कर दी और दबोच लिया। तलाशी में काले बैग के अंदर काली पन्नी में छिपाकर रखी गई अफीम बरामद हुई।
झारखंड से लाकर उत्तराखंड-बरेली में खपाने की थी साजिश…
पकड़े गए आरोपियों ने पूछताछ में पुलिस के सामने चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि वे इस अफीम को झारखंड के चतरा और आसपास के इलाकों से अनजान लोगों से सस्ते दामों में खरीदते थे। इसके बाद इसे उत्तराखंड के उधम सिंह नगर (बरेली रूट) ले जाकर ऊंचे दामों पर बेचते थे। इस अवैध कारोबार से वे अपनी और अपने परिवार की आजीविका चला रहे थे।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण…
सुरेन्द्र पाल (पुत्र चंद्रसेन) – निवासी: लगरा कॉलोनी, शिमला बहापुर, थाना ट्रांजिट कैंप, जिला उधम सिंह नगर, उत्तराखंड (उम्र करीब 29 वर्ष)।
लालता प्रसाद (पुत्र श्री नेक सहाय) – निवासी: जोगी नवादा, थाना बारादरी, जनपद बरेली, उत्तर प्रदेश (उम्र करीब 48 वर्ष)।
बरामदगी का विवरण…
अवैध अफीम: 540 ग्राम (अनुमानित कीमत लगभग 03 लाख रुपये)।
वाहन: एक मोटरसाइकिल (नंबर: UK06BM2563)।
पंजीकृत अभियोग…
मु.अ.सं.: 636/2026
धाराएं: 8/18/29/60 एनडीपीएस (NDPS) एक्ट
थाना: अलीनगर, जनपद चन्दौली।
दबंग और मुस्तैद पुलिस टीम…
इस बड़ी सफलता को हासिल करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह, निरीक्षक शरद गुप्ता, चौकी प्रभारी (आलूमील) उ.नि. अनिल कुमार यादव, हे.का. संतोष कुमार यादव और का. प्रवेश सिंह शामिल रहे। जनपद पुलिस के इस कड़े एक्शन से नशे के कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।








