सोनभद्र: जनपद की एसओजी टीम और थाना करमा पुलिस ने मादक पदार्थों के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत एक बहुत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी करने वाले एक बड़े नेटवर्क का भंडाफोड़ करते हुए 3 शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है।
तस्करों के कब्जे से 118 किलो 670 ग्राम अवैध गांजा समेत दो लग्जरी गाड़ियां (XUV-500 और ब्रेजा), 5 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और नकद रुपये बरामद किए गए हैं। पकड़ी गई कुल अवैध खेप और वाहनों की अनुमानित बाजार कीमत लगभग ₹95 लाख आंकी गई है।
पुलिस को चकमा देने की फिराक में थे तस्कर, ऐसे धरे गए…
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रुणवाल के पर्यवेक्षण और क्षेत्राधिकारी घोरावल राजेश कुमार राय के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
15 अक्टूबर 2026 की रात को थाना करमा के प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल और एसओजी प्रभारी श्री राम स्वरूप वर्मा की संयुक्त टीम ग्राम करनवाह तिराहे पर वाहनों की चेकिंग कर रही थी। तभी हिन्दुआरी की तरफ से आ रही दो संदिग्ध कारें पुलिस को देखते ही लगभग 50 मीटर पहले मुड़कर भागने का प्रयास करने लगीं। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और रात करीब 23:15 बजे दोनों वाहनों को दबोच लिया।
वाहनों के गुप्त हिस्सों में छिपा रखा था गांजा…
दोनों गाड़ियों की जब बारीकी से तलाशी ली गई, तो पुलिस भी हैरान रह गई। महिंद्रा XUV-500 के पिछले हिस्से में स्टेपनी के नीचे और मारुति सुजुकी ब्रेजा के बीच व पिछले हिस्से में टेप से लपेटकर गांजे के छोटे-छोटे पैकेट छिपाए गए थे। पुलिस ने कुल 118 किलो 670 ग्राम अवैध गांजे के साथ ₹8,280 नकद और 5 मोबाइल बरामद किए। दोनों गाड़ियों को धारा 60 एनडीपीएस एक्ट के तहत सीज कर दिया गया है। अभियुक्तों के खिलाफ थाना करमा में मु0अ0सं0 199/2026, धारा 8/20/27A/29/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
ओडिशा से मिर्जापुर तक होनी थी डिलीवरी…
पूछताछ में आरोपियों ने बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि वे ओडिशा के सुंदरगढ़ जनपद के एक व्यक्ति के कहने पर यह खेप लेकर मिर्जापुर आ रहे थे। उन्हें यह माल मिर्जापुर में किसी को सौंपना था। इस काम के लिए प्रत्येक तस्कर को ₹15,000 देने का सौदा हुआ था। पुलिस अब इस पूरे अंतरराज्यीय नेटवर्क के मुख्य सरगना और संभावित खरीदारों की तलाश में जुट गई है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण…
विश्वजीत बारिक उर्फ कानू पुत्र महेन्द्र कुमार बारिक (निवासी- ग्राम पुराना जोल्डा, थाना जोल्डा, जनपद सुंदरगढ़, ओडिशा, उम्र- 29 वर्ष)
रविन्द्र नायक पुत्र माला नायक (निवासी- सेक्टर-01, गंजू बस्ती, थाना सेक्टर-03, जनपद सुंदरगढ़, ओडिशा, उम्र- 47 वर्ष)
मोहम्मद दानिश आलम पुत्र मोहम्मद शमीम अहमद (निवासी- रेलवे कॉलोनी, राउरकेला, थाना प्लांट साइट, जनपद सुंदरगढ़, ओडिशा, उम्र- 29 वर्ष)
बरामदगी का कुल विवरण…
अवैध गांजा: 118 किलो 670 ग्राम (कीमत लगभग ₹60 लाख)
वाहन: महिंद्रा XUV-500 और मारुति सुजुकी ब्रेजा कार
अन्य: 05 एंड्रॉयड मोबाइल फोन और ₹8,280 नकद
(कुल बरामदगी की अनुमानित कीमत: लगभग ₹95 लाख)
सराहनीय भूमिका निभाने वाली पुलिस टीम…
इस बड़ी सफलता को अंजाम देने वाली संयुक्त टीम में प्रभारी निरीक्षक कमलेश पाल (थाना करमा), प्रभारी निरीक्षक राम स्वरूप वर्मा (SOG टीम), उपनिरीक्षक मनोज सिंह, हेड कांस्टेबल विवेक गिरी, संदीप सिंह, कांस्टेबल रविकांत यादव (थाना करमा) तथा एसओजी टीम के हेड कांस्टेबल राजेश यादव, कांस्टेबल रितेश पटेल, सत्यम पाण्डेय, अजीत कुमार और जय प्रकाश सरोज शामिल रहे।








