वाराणसी के नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों का निरीक्षण किया और सार्वजनिक सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार के निर्देश दिए। उन्होंने दाखिल-खारिज और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र समय पर उपलब्ध कराने के लिए सख्त निर्देश दिए। नगर आयुक्त ने बेनियाबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, दशाश्वमेध जोन कार्यालय, मैदागिन शॉपिंग कॉम्प्लेक्स, मंदाकनी उद्यान और बेनियाबाग ऑटो स्टैंड का निरीक्षण किया और आवश्यक निर्देश दिए।
वाराणसी: नगर आयुक्त ने सबसे पहले बेनियाबाग शॉपिंग कॉम्प्लेक्स का निरीक्षण किया, जहाँ उन्होंने पूरे परिसर का भ्रमण कर दुकानदारों से उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने सहायक नगर आयुक्त को निर्देश दिया कि कॉम्प्लेक्स को और बेहतर विकसित करने तथा इसके सौंदर्यीकरण के लिए एक विस्तृत प्रस्ताव तैयार किया जाए, ताकि परिसर आधुनिक और व्यवस्थित रूप में विकसित हो सके।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त दशाश्वमेध जोन कार्यालय भी पहुंचे। यहाँ उन्होंने म्यूटेशन, टैक्स कलेक्शन सेंटर, जन्म-मृत्यु पंजीकरण सहित विभिन्न पटलों की कार्यप्रणाली की गहराई से समीक्षा की। इस दौरान संपत्ति कर जमा करने आए एक भवन स्वामी से बातचीत कर उन्होंने कार्यालय की कार्य दक्षता का प्रत्यक्ष आकलन किया। नगर आयुक्त ने निर्देश दिया कि दाखिल-खारिज और जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र से जुड़े सभी कार्य निर्धारित समय में पूरे किए जाएं और किसी भी नागरिक को अनावश्यक विलंब या परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने परिसर में स्थित जर्जर भवन को हटाने तथा वाराणसी वेस्ट सॉल्यूशन की गाड़ियों को एक तरफ सुव्यवस्थित रूप से खड़ा कराने के भी निर्देश दिए।
इसके बाद नगर आयुक्त ने टाउनहाल शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और वहां स्थित स्मार्ट सिटी द्वारा संचालित पार्किंग का निरीक्षण किया। उन्होंने पाया कि पार्किंग क्षेत्र के सामने दुकानों का आवंटन किया गया है, जिससे यातायात व्यवस्था प्रभावित हो रही है। उन्होंने तत्काल निर्देश दिया कि सामने की ओर बनी दुकानों को हटाकर पीछे शिफ्ट किया जाए, ताकि पार्किंग की जगह का सुचारू उपयोग सुनिश्चित हो सके।
मैदागिन स्थित मंदाकनी उद्यान के निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त ने स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता को उद्यान में भूमिगत पार्किंग विकसित करने की संभावनाओं का अध्ययन कर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मैदागिन क्षेत्र में पार्किंग की समस्या बढ़ रही है, ऐसे में भूमिगत पार्किंग व्यवस्था अत्यंत उपयोगी साबित हो सकती है।
निरीक्षण के अंत में नगर आयुक्त बेनियाबाग ऑटो स्टैंड पहुंचे, जहां उन्होंने व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने निर्देश दिया कि ऑटो स्टैंड पर रेट लिस्ट और सूचना बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाए जाएं, ताकि यात्रियों को स्पष्ट और पारदर्शी किराया व्यवस्था का लाभ मिल सके।
इस निरीक्षण अभियान के दौरान सहायक नगर आयुक्त अनिल यादव, मुख्य अभियंता आर.के. सिंह, स्मार्ट सिटी के मुख्य अभियंता अमरेन्द्र तिवारी सहित कई अन्य अधिकारी मौजूद रहे। नगर आयुक्त का यह विस्तृत निरीक्षण शहर की सार्वजनिक सेवाओं और बुनियादी सुविधाओं को और अधिक पारदर्शी, व्यवस्थित और नागरिक-हितैषी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।













