वाराणसी पुलिस कमिश्नरेट ने दिल्ली ब्लास्ट के बाद सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए “ऑपरेशन चक्रव्यूह” अभियान शुरू किया है। इस अभियान के तहत शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों, बस अड्डों, रेलवे स्टेशन और मॉल जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस टीम संदिग्ध गतिविधियों, वाहनों और व्यक्तियों की निगरानी कर रही है और सर्विलांस नेटवर्क के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है।
वाराणसी: एसीपी चेतगंज डॉ. इशांत सोनी ने बताया कि “ऑपरेशन चक्रव्यूह” वाराणसी पुलिस द्वारा चलाया गया एक विशेष अभियान है, जिसके तहत संदिग्ध गतिविधियों, वाहनों और व्यक्तियों की निगरानी की जा रही है। उन्होंने कहा कि पुलिस टीम द्वारा ऐसे लोगों की जांच की जा रही है जो संदिग्ध रूप से घूम रहे हैं, अवैध या बिना रजिस्ट्रेशन वाले वाहनों का उपयोग कर रहे हैं या किसी भी प्रकार की गुंडागर्दी या असामाजिक गतिविधियों में लिप्त हैं।
एसीपी ने बताया कि अभियान के तहत सिगरा थाना क्षेत्र में रोडवेज से कैंट के बीच चेकिंग अभियान चलाया गया। इस दौरान चारपहिया वाहनों में ब्लैक फिल्म लगाकर चलने वालों के खिलाफ विशेष कार्रवाई की गई, क्योंकि इससे वाहन के अंदर की गतिविधियां नजर नहीं आतीं। पुलिस ने ऐसे वाहनों का चालान किया और उन्हें नियमों का पालन करने की चेतावनी दी।
उन्होंने बताया कि “ऑपरेशन चक्रव्यूह” के अंतर्गत बैरियर लगाकर संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की जा रही है। साथ ही, हर भीड़भाड़ वाले इलाके जैसे बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और बड़े मॉल में पुलिसकर्मी नजर रख रहे हैं। पुलिस टीम द्वारा सर्विलांस नेटवर्क के माध्यम से लगातार मॉनिटरिंग भी की जा रही है ताकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की तुरंत पहचान कर आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
एसीपी चेतगंज ने नागरिकों से अपील की कि वे किसी भी संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि वाराणसी पुलिस हर समय सतर्क है और जनता की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। शहर में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।













