वाराणसी जोन पुलिस ने ‘पुलिस सतर्क मित्र’ व्यवस्था शुरू की है, जिससे आम नागरिक बिना नाम बताए अपराध की सूचना दे सकते हैं। व्हाट्सएप बॉट नंबर 7839860411 पर सूचना दी जा सकती है, और सूचनाकर्ता की पहचान गोपनीय रखी जाएगी।
वाराणसी: अपराध और अवैध गतिविधियों पर लगाम कसने के लिए वाराणसी जोन पुलिस ने एक नई और सुरक्षित पहल शुरू की है। अपर पुलिस महानिदेशक, वाराणसी जोन के अंतर्गत आने वाले 09 जिलों में अब आम नागरिक बिना अपनी पहचान बताए सीधे पुलिस तक सूचना दे सकेंगे। इस व्यवस्था को “पुलिस सतर्क मित्र” नाम दिया गया है, जिसका उद्देश्य जनता को कानून व्यवस्था मजबूत करने में भागीदार बनाना है।
अवैध गतिविधियों की गोपनीय सूचना अब आसान…
एडीजी पियूष मोर्डिया ने बताया कि पुलिस सतर्क मित्र प्रणाली के तहत कोई भी व्यक्ति गौ-तस्करी, गो-वध, शराब तस्करी, नशा व मादक पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियार, महिला एवं बाल अपराध, जबरन धर्म परिवर्तन, अवैध खनन या किसी भी अन्य गैरकानूनी गतिविधि की सूचना गोपनीय रूप से दे सकता है। इसके लिए सूचनाकर्ता को अपना नाम या पहचान बताने की आवश्यकता नहीं होगी।
व्हाट्सएप बॉट से होगी सीधी शिकायत…
इस नई व्यवस्था में नागरिकों को अपने मोबाइल में व्हाट्सएप खोलकर WhatsApp Bot नंबर 7839860411 पर उपलब्ध विकल्पों के माध्यम से सूचना दर्ज करनी होगी। सूचनाकर्ता फोटो, वीडियो, ऑडियो या टेक्स्ट के जरिए साक्ष्य भी साझा कर सकता है। इसके अलावा QR कोड स्कैन कर भी सीधे सूचना पुलिस तक भेजी जा सकती है।
सूचनाकर्ता की पहचान पूरी तरह सुरक्षित…
एडीजी पियूष मोर्डिया ने स्पष्ट किया है कि सूचना देने वाले की पहचान पूरी तरह गोपनीय और सुरक्षित रखी जाएगी। किसी भी स्तर पर न तो नाम और न ही मोबाइल नंबर सार्वजनिक किया जाएगा। इससे लोग बिना किसी डर के अवैध गतिविधियों की जानकारी पुलिस को दे सकेंगे।
सूचना पर होगी त्वरित और प्रभावी कार्रवाई…
पुलिस के अनुसार, प्राप्त सूचना पर संबंधित अधिकारी द्वारा तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही की गई कार्रवाई की जानकारी भी व्हाट्सएप के माध्यम से सूचनाकर्ता को दी जाएगी, जिससे लोगों का भरोसा इस प्रणाली पर और मजबूत हो सके।
जनता से सहयोग की अपील…
एडीजी पियूष मोर्डिया की ओर से आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे निर्भीक होकर अवैध गतिविधियों की सूचना दें और पुलिस का सहयोग करें। प्रशासन का कहना है कि जनसहयोग से ही अपराध-मुक्त, सुरक्षित और शांत समाज की स्थापना संभव है।













