मुगलसराय से सबसे ज्यादा 22 और सकलडीहा से 19 मोबाइल बरामद; साल 2026 में अब तक कुल 1.85 करोड़ के 630 फोन लौटा चुकी है चन्दौली पुलिस।
चन्दौली: दीपावली के इस पावन पर्व पर चन्दौली पुलिस ने जनपदवासियों को एक अनूठी और यादगार सौगात दी है। पुलिस अधीक्षक आकाश पटेल के निर्देशन में सर्विलांस और स्वाट टीम ने तकनीक का शानदार इस्तेमाल करते हुए विभिन्न स्थानों से कुल 111 गुमशुदा और खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल बरामद किए हैं। इन सभी मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 33,30,000 रुपये आंकी गई है।
पुलिस लाइन के नवीन सभागार कक्ष में आयोजित एक विशेष वितरण कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक ने इन सभी मोबाइलों को उनके वास्तविक स्वामियों के हाथों में सौंपा। अपना खोया हुआ महंगा फोन वापस पाकर लोगों के चेहरे खिल उठे और उन्होंने चंदौली पुलिस की इस त्वरित व सराहनीय कार्रवाई की जमकर तारीफ की।
इस साल अब तक करोड़ों के मोबाइल फोन बरामद…
चन्दौली पुलिस की यह सफलता लगातार जारी है। वर्ष 2026 में अब तक जनपद के विभिन्न थानों और सर्विलांस/स्वाट टीम के संयुक्त प्रयासों से कुल 630 खोए हुए मल्टीमीडिया मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं, जिनकी कुल अनुमानित कीमत 1 करोड़ 85 लाख 10 हजार रुपये है। इससे पहले भी सालभर में अलग-अलग चरणों में सैकड़ों लोगों को उनके खोए हुए फोन लौटाए जा चुके हैं।
किस थाने से कितने मोबाइल हुए बरामद???
पुलिस टीमों द्वारा चलाए गए इस विशेष अभियान के तहत जनपद के विभिन्न थानों से मोबाइलों की बरामदगी इस प्रकार रही।
मुगलसराय: 22
सकलडीहा: 19
चन्दौली: 16
चकिया: 12
बबुरी: 09
चकरघट्टा: 07
शहाबगंज: 06
धानापुर: 04
धीना: 04
कंदवा: 04
इलिया: 03
सैयदराजा: 03
बलुआ: 01
नौगढ़: 01
कुल बरामदगी: 111 मोबाइल फोन।
सराहनीय कार्य में जुटी पुलिस टीम…
इस बड़े अभियान को सफल बनाने में स्वाट और सर्विलांस टीम की अहम भूमिका रही। प्रभारी निरीक्षक स्वाट रामजनम यादव, प्रभारी सर्विलांस उ.नि. आशीष मिश्रा और उनकी पूरी तकनीकी टीम (हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल्स) ने लगातार डिजिटल सर्विलांस के माध्यम से इन फोनों की लोकेशन ट्रेस कर इन्हें सकुशल बरामद किया।
चन्दौली पुलिस की खास अपील जागरूकता संदेश…
प्रेस नोट के माध्यम से पुलिस प्रशासन ने आम जनता से अपील की है कि-
घबराएं नहीं: यदि आपका मोबाइल खो जाता है, तो बिल्कुल परेशान न हों।
CEIR पोर्टल का करें उपयोग: तुरंत आधिकारिक वेबसाइट www.sancharsaathi.gov.in पर जाकर अपने मोबाइल के गुम होने की ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराएं।
IMEI नंबर सुरक्षित रखें: हमेशा अपने फोन का IMEI नंबर नोट करके सुरक्षित रखें, ताकि जरूरत पड़ने पर पुलिस को सही जानकारी दी जा सके, आप नजदीकी पुलिस थाना या सीएससी (CSC) केंद्र की मदद भी ले सकते हैं।








