डार्क नाइट ऑपरेशन! हार्ड मिक्स प्लांट के पास चल रहा था खेल, चोपन पुलिस ने डीजल चोरों को भेजा जेल।
सोनभद्र: जनपद में कानून-व्यवस्था को ठेंगा दिखाने वाले अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। ताजा मामला थाना चोपन क्षेत्र का है, जहाँ पुलिस ने एक अंतरराज्यीय स्तर पर सक्रिय डीजल चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर अभियुक्तों को धर दबोचा है। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में चोरी का डीजल और इसे अंजाम देने वाले तमाम उपकरण बरामद किए गए हैं।
डार्क नाइट ऑपरेशन: ऐसे बिछाया जाल…
थाना चोपन पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि क्षेत्र में ट्रकों से डीजल चोरी कर उसे अवैध रूप से खपाने का धंधा फल-फूल रहा है। इसके बाद पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक मुख्यालय मेविस टॉक और क्षेत्राधिकारी नगर रणधीर मिश्रा के पर्यवेक्षण में एक विशेष अभियान चलाया गया।
इसी कड़ी में, 4 नवंबर 2026 की देर रात करीब 11:43 बजे (23:43 बजे) चोपन थाना क्षेत्र के डाला स्थित हार्ड मिक्स प्लांट के पास पुलिस टीम ने दबिश दी और इस अवैध खेल में शामिल दो आरोपियों को रंगे हाथ दबोच लिया।
क्या-क्या हुआ बरामद???
पुलिस ने मौके से कुल 340 लीटर चोरी का डीजल बरामद किया है, जिसे ड्रमों में छुपाकर रखा गया था। इसके अलावा चोरी और भंडारण में इस्तेमाल होने वाले निम्नलिखित उपकरण भी जब्त किए गए हैं।
अवैध डीजल: 300 लीटर (3 प्लास्टिक ड्रमों में) और 40 लीटर (1 प्लास्टिक ड्रम में) — कुल 340 लीटर।
खाली ड्रम: 200 लीटर क्षमता के 2 प्लास्टिक ड्रम और 1 लोहे का खाली ड्रम।
अन्य उपकरण: 4 प्लास्टिक की खाली बाल्टियाँ, 1 तेल कुप्पी, 1 लूज प्लास्टिक पाइप, ट्रकों की टंकी के 2 ढक्कन और 1 ट्रक का फिल्टर।
गिरफ्तार अभियुक्तों की कुंडली…
पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों शातिर चोरों की पहचान इस प्रकार हुई है।
शिव कुमार विश्वकर्मा पुत्र भूषण विश्वकर्मा (उम्र करीब 28 वर्ष) — मूल निवासी: ग्राम मानपुर, थाना गम्हरिया, जिला मधेपुर (बिहार)। हाल पता: हार्ड मिक्स प्लांट, डाला चढ़ाई, थाना चोपन, सोनभद्र।
प्रहलाद पाण्डेय पुत्र उमेशचन्द्र पाण्डेय (उम्र करीब 29 वर्ष) — मूल निवासी: ग्राम सरसौल, थाना चौबेपुर, जनपद वाराणसी। हाल पता: हार्ड मिक्स प्लांट, डाला चढ़ाई, थाना चोपन, सोनभद्र।
कानूनी कार्रवाई…
मामले में थाना चोपन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की गंभीर धाराओं—मु0अ0सं0-415/26, धारा 287, 303(2), 317(2), 317(5) के तहत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब इनके अन्य साथियों और इस सिंडिकेट के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।








