सोनभद्र: जनपद में अपराधियों और अवैध मादक पदार्थों के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन शुद्धि’ के तहत थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस और एसओजी टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने चेकिंग व मुखबिर की सटीक सूचना पर गांजा तस्करी के एक शातिर नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए दो तस्करों को धर दबोचा है।
तस्कर शातिर तरीके से सुजुकी सियाज कार में एक गुप्त केबिन (Secret Cabin) बनाकर अवैध गांजे की तस्करी कर रहे थे, लेकिन पुलिस की सतर्कता के आगे उनका यह शातिर पैंतरा धरा रह गया।
गुप्त केबिन में छिपाकर ले जाया जा रहा था माल…
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि अवैध मादक पदार्थों की एक बड़ी खेप क्षेत्र से गुजरने वाली है। इसी सूचना के आधार पर दिनांक 04.11.2026 की रात करीब 20:45 बजे रॉबर्ट्सगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम लोढ़ी में स्थित टीवीएस गोदाम के पास पुलिस टीम ने घेराबंदी की।
तलाशी के दौरान जब पुलिस ने संदिग्ध सुजुकी सियाज कार की गहनता से जाँच की, तो उसमें बने एक गुप्त केबिन का राज खुला। कार के अंदर से 03 प्लास्टिक के कट्टों में कुल 60 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा (43 पैकेट) बरामद किया गया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इस बरामद गांजे की अनुमानित कीमत लगभग ₹30 लाख आंकी गई है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 60 के तहत तस्करी में प्रयुक्त सियाज कार को भी अपने कब्जे में ले लिया है।
गिरफ्तार अभियुक्तों का विवरण…
पुलिस के हत्थे चढ़े दोनों आरोपी उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले के रहने वाले हैं।
सत्यम यादव पुत्र राजेश्वर यादव (उम्र करीब 21 वर्ष), निवासी ग्राम लैसना, थाना जलालाबाद, जनपद शाहजहांपुर।
सीबू अली पुत्र सब्बन अली (उम्र करीब 24 वर्ष), निवासी ब्रह्मनान, थाना अल्लागंज के पीछे, जनपद शाहजहांपुर।
पंजीकृत अभियोग…
इस मामले में थाना रॉबर्ट्सगंज पर अभियुक्तों के खिलाफ मु0अ0सं0- 892/2026, धारा 8/20/27ए/29/60/61 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब इस अवैध नेटवर्क के अन्य सरगनाओं और कड़ियों को खंगालने में जुटी हुई है।
गिरफ्तारी करने वाली साहसी पुलिस टीम…
इस सफल ऑपरेशन को अंजाम देने वाली टीम में निम्नलिखित पुलिसकर्मी शामिल रहे।
प्रभारी निरीक्षक एसओजी रामस्वरूप वर्मा (जनपद सोनभद्र) मय टीम।
प्रभारी निरीक्षक रॉबर्ट्सगंज धर्मेन्द्र सिंह (जनपद सोनभद्र)।
निरीक्षक बनारसी यादव (थाना रॉबर्ट्सगंज)।
उ0नि0 धर्मनारायण भार्गव, उ0नि0 उमाशंकर यादव (थाना रॉबर्ट्सगंज)।
हे0का0 दिनेश कुमार, हे0का0 अमरजीत यादव (थाना रॉबर्ट्सगंज)।
का0 राम सिंह, का0 हरिश्चन्द्र (थाना रॉबर्ट्सगंज)।








