दहशत का गोदाम! लाई-चूड़ा की दुकान के भीतर चल रहा था पटाखों का काला कारोबार, 525 किलो अवैध विस्फोटक के साथ एक गिरफ्तार

चन्दौली पुलिस की बड़ी कार्रवाई; घनी आबादी के बीच छिपाए गए थे मौत के सामान, ‘यक्ष ऐप’ की मदद से हुआ खुलासा।

​चन्दौली: जनपद के सैयदराजा थाना क्षेत्र में पुलिस ने एक ऐसे बड़े अवैध गोदाम का भंडाफोड़ किया है, जिसे देखकर स्थानीय लोगों की रूह कांप गई। एक तरफ जहाँ दुकानदार बाहर से लाई-चूड़ा बेचने का दिखावा कर रहा था, वहीं दुकान की आड़ में भीतर मौत का सामान यानी भारी मात्रा में अवैध पटाखे डम्प किए गए थे। पुलिस ने मुखबिर तंत्र और आधुनिक तकनीक ‘यक्ष ऐप’ (Yakh App) का इस्तेमाल करते हुए इस अवैध कारोबार का पर्दाफाश किया है और मौके से 525 किलोग्राम अवैध पटाखों के साथ एक शातिर अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

​ऐसे हुआ मामले का खुलासा…
​पुलिस अधीक्षक के कुशल निर्देशन और थानाध्यक्ष सैयदराजा अशोक कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम लगातार क्षेत्र में सक्रिय थी। इसी दौरान थाना क्षेत्र में तैनात आरक्षी राजू सिंह द्वारा ‘यक्ष ऐप’ पर एक अहम बीट सूचना अपलोड की गई। सूचना में बताया गया कि कस्बा सैयदराजा के वार्ड नंबर-01 स्थित रामजानकी मंदिर के सामने एक लाई-चूड़ा बेचने वाली दुकान के अंदर संदिग्थ गतिविधियाँ चल रही हैं।

​सूचना की गंभीरता को भांपते हुए पुलिस ने तुरंत क्षेत्राधिकारी सदर को अवगत कराया। इसके बाद प्रशासनिक व पुलिस बल ने मौके पर पहुंचकर विधिवत रूप से ई-साक्ष्य ऐप के जरिए वीडियोग्राफी करते हुए दुकान और उससे जुड़ी बिल्डिंग की तलाशी ली।

​तीसरी मंजिल पर मिला पटाखों का जखीरा…
​जब पुलिस ने दुकान और मकान की गहन तलाशी ली, तो तीसरी मंजिल का नजारा देखकर दंग रह गए। वहाँ बोरियों और गत्तों में ठूंस-ठूंस कर भारी मात्रा में अवैध पटाखे छिपाए गए थे। जब इलेक्ट्रॉनिक तराजू से इनकी तौल कराई गई, तो कुल 39 बोरियों में भरे अवैध पटाखों का वजन 525 किलोग्राम निकला।

​पुलिस की शुरुआती जाँच में यह बात सामने आई कि अभियुक्त द्वारा घनी रिहायशी आबादी के बीच बिना किसी लाइसेंस या सुरक्षा मानकों के यह खतरनाक खेल खेला जा रहा था। यदि समय रहते पुलिस कार्रवाई न करती, तो ज़रा सी चूक एक भीषण त्रासदी का कारण बन सकती थी।

​भारी मात्रा में ये ब्रांडेड व नॉन-ब्रांडेड पटाखे बरामद…
​पुलिस द्वारा जप्त किए गए 525 किलो विस्फोटक में चटाई बम, टेकेन हवाई बम, मोरी छाप 12 साट, माचिस बम, महावीर कलर फुलझरी, हनीमून मोरी छाप, फ्लोटवर पाड्स, इस्वरी 600 वाला चटाई बम, मोरी छाप जाबूमर, जवान 555 टाईमिंग बम, आकाश फुलझरी, मोरी कलर कोठी, डयनामाईट बम, मोरी गोल्ड चटाई बम, ग्राउण्ड बिग चकरी, रॉकेट बम बुलेट और पप्स ओरिजनल कलर सहित दर्जनों प्रकार के खतरनाक पटाखे शामिल हैं।

​गिरफ्तार अभियुक्त और मामला दर्ज…
​पुलिस ने मौके से दुकान के संचालक/मालिक मनोज कुमार (पुत्र मोहन साव) को गिरफ्तार कर लिया है, जो वार्ड नंबर-01, कस्बा व थाना सैयदराजा, जनपद चन्दौली का ही रहने वाला है।

​थाना सैयदराजा में अभियुक्त के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 322/2026, धारा 288 बीएनएस एवं 9बी विस्फोटक अधिनियम, 1884 के तहत अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध नेटवर्क के तार और कहाँ-कहाँ जुड़े हैं और इतने बड़े पैमाने पर विस्फोटक सामग्री कहाँ से लाई गई थी।

​कार्रवाई को अंजाम देने वाली वीर पुलिस टीम…
​इस पूरे ऑपरेशन को सफल बनाने में थानाध्यक्ष अशोक कुमार मिश्र के साथ उपनिरीक्षक धर्मदेव प्रसाद, गोपाल जी तिवारी, गंगाधर मौर्या, लालधर यादव, रावेन्द्र सिंह और आरक्षी राजू सिंह सहित पूरी थाना टीम की सराहनीय भूमिका रही।

Leave a Comment

और पढ़ें