वाराणसी में यश बैंक के पूर्व कर्मचारियों द्वारा की गई 4.88 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के मामले में चेतगंज पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। जिनमें मनदीप सिंह, हिमांशु शुक्ला और हिमांशु सिंह शामिल हैं। पुलिस आगे की जांच और रकम की रिकवरी के लिए काम कर रही है।
वाराणसी: चेतगंज पुलिस ने यश बैंक रामकटोरा शाखा से जुड़े एक बड़े फर्जीवाड़े का पर्दाफाश करते हुए तीन वांछित आरोपियों को गिरफ्तार किया है। ये आरोपी बैंक के पूर्व कर्मचारी हैं, जिन्होंने कैंसिल चेक पर फर्जी हस्ताक्षर लगाकर कुल 4 करोड़ 88 लाख रुपये की निकासी कर ली थी।
पुलिस आयुक्त वाराणसी के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध रोकथाम अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस उपायुक्त काशी जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त काशी जोन के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त चेतगंज तथा थानाध्यक्ष चेतगंज के नेतृत्व में टीम ने 2 नवंबर को चेतगंज क्षेत्र से आरोपियों को धर दबोचा।
मामले की डिटेल्स…
शिकायतकर्ता ने चेतगंज थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई कि यश बैंक के कर्मचारियों ने कैंसिल चेक को कूटरचित तरीके से फर्जी सिग्नेचर बनाकर 4.88 करोड़ रुपये निकाल लिए। इस पर 31 मार्च 2025 को मुकदमा संख्या 059/2025 धारा-316(5), 318(4), 338, 336(3), 342(1), 344, 61(2) BNS के तहत केस दर्ज हुआ। जांच में बैंक के तीन पूर्व कर्मचारियों की भूमिका सामने आई, जिन्हें गिरफ्तार कर कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
पुलिस पूछताछ में रकम की रिकवरी और अन्य संलिप्त लोगों की तलाश कर रही है।













