February 6, 2026 8:02 am

मंडलीय समीक्षा बैठक में मंडलायुक्त ने विकास कार्यों की जानी प्रगति, समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निर्माण के दिए निर्देश, लापरवाही पर हिदायत

वाराणसी में मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने विकास कार्यों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरे किए जाएं। लापरवाही पर हिदायत देते हुए उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

वाराणसी: मंडल में संचालित विभिन्न विकास परियोजनाओं और जनकल्याणकारी योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा मंडलायुक्त एस. राजलिंगम की अध्यक्षता में आयोजित मंडलीय समीक्षा बैठक में की गई। बैठक में सड़क, पेयजल, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, शहरी विकास, स्वच्छता सहित कई महत्वपूर्ण विभागों के कार्यों की गहन समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण किए जाएं। उन्होंने दो टूक कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मंडलायुक्त ने कहा कि विकास कार्यों की गति और गुणवत्ता सीधे तौर पर आम जनता के जीवन स्तर से जुड़ी होती है, इसलिए सभी विभाग जिम्मेदारी के साथ कार्य करें। बैठक में धीमी प्रगति वाले कार्यों पर असंतोष व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधार लाने के निर्देश दिए गए। उन्होंने यह भी कहा कि मंडलीय समीक्षा से पूर्व विभाग स्तर पर समीक्षा बैठक अवश्य आयोजित की जाए और उसकी स्पष्ट कार्ययोजना प्रस्तुत की जाए।

बैठक में पूर्वांचल विकास निधि के अंतर्गत कम प्रस्ताव प्राप्त होने पर चिंता जताते हुए मंडलायुक्त ने सभी मुख्य विकास अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए। आकांक्षी ब्लॉकों -चंदौली के चाहनियां, गाजीपुर के रेवतीपुर और जौनपुर के रामपुर ब्लॉक में निर्धारित पैरामीटर के अनुरूप बेहतर कार्य करने के निर्देश दिए गए। इनमें गर्भवती महिलाओं को न्यूट्रीशन सप्लीमेंट उपलब्ध कराना, गोल्डन कार्ड और आयुष्मान कार्ड वितरण के लिए कैंप आयोजित करना, डायबिटीज और हाइपरटेंशन की स्क्रीनिंग जैसे कार्य शामिल हैं।

संचालित कार्यों की समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को निर्देशित किया कि धनराशि का व्यय कार्य की प्रगति के अनुरूप प्रतिबिंबित हो। एक वर्ष से अधिक समय से लंबित कार्यों की विशेष समीक्षा करने, भुगतान अनावश्यक रूप से लंबित न रखने तथा कार्यों की प्रगति से संबंधित फोटो समय से पोर्टल पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए। गाजीपुर में अधिक संख्या में लंबित कार्यों पर सीडीओ को स्वयं निगरानी कर समाधान निकालने के लिए कहा गया। साथ ही फैमिली आईडी के कार्यों में गाजीपुर और जौनपुर को तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

सीएम डैशबोर्ड पर प्रदर्शित रैंकिंग की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने पीएम सूर्यघर योजना में गाजीपुर और जौनपुर को अपेक्षित सुधार करने के निर्देश दिए। इसके लिए उन्होंने होम लोन धारकों, बिजली बिल उपभोक्ताओं, सरकारी कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों, शिक्षकों और कोटेदारों से संपर्क कर योजना का अधिकतम लाभ दिलाने पर जोर दिया।

छात्रवृत्ति योजनाओं की बिंदुवार समीक्षा करते हुए मंडलायुक्त ने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि किसी भी संस्थान में आवेदन लंबित न रहें और अधिक से अधिक छात्र-छात्राओं को योजनाओं का लाभ मिले। उन्होंने कम लाभार्थियों पर चिंता व्यक्त करते हुए जिलाधिकारियों को स्वयं निगरानी करने और जिले स्तर पर निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश दिए।

विद्युत विभाग को बिजली बिल सुधार योजना की समीक्षा कर यह सुनिश्चित करने को कहा गया कि कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। चंदौली में अधिक पेंडिंग मामलों पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए गए। नमामि गंगे और ग्रामीण जलापूर्ति योजनाओं की समीक्षा के दौरान मंडलायुक्त ने शिकायतों के त्वरित निस्तारण, रोड रिस्टोरेशन कार्यों की भौतिक प्रगति और सत्यापन पर जोर दिया तथा सभी सीडीओ को इसकी निगरानी करने को कहा।

पंचायती राज विभाग की समीक्षा में डोंगल पेमेंट, व्यय धनराशि, पूर्ण एवं अधूरे कार्यों, कूड़ा निस्तारण और वित्तीय स्थिति की बारीकी से समीक्षा की गई। मंडलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि कोई भी सामुदायिक शौचालय और आरआरसी बंद नहीं होना चाहिए। गाजीपुर जिले में स्वच्छता के क्षेत्र में विशेष प्रयास करने की आवश्यकता बताते हुए साफ-सफाई व्यवस्था सुदृढ़ करने के निर्देश दिए गए। पिंडरा और राजातालाब क्षेत्र में सड़क किनारे पड़े कचरे की सफाई के लिए जिला पंचायत को निर्देशित किया गया।

लोकनिर्माण विभाग और सेतु निगम की समीक्षा में लंबित कार्यों में तेजी लाने, सभी बड़ी परियोजनाओं के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त करने और प्रत्येक दस दिन में भौतिक प्रगति की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। मोहनसराय–कैंट मार्ग, पांडेयपुर कालीमाता–आजमगढ़ सड़क मार्ग के कार्यों को शीघ्र पूरा करने तथा ड्रेनेज के अधूरे कार्य तत्काल पूर्ण करने के निर्देश दिए गए। चीफ इंजीनियर को इन परियोजनाओं की नियमित समीक्षा करने को कहा गया।

मुख्यमंत्री युवा उद्यमी योजना में गाजीपुर के प्रदेश में प्रथम रैंक प्राप्त करने पर मंडलायुक्त ने प्रसन्नता व्यक्त की, वहीं चंदौली को योजना में बेहतर प्रदर्शन करने के निर्देश दिए। सीएमआईएस पोर्टल पर गाजीपुर को अपनी रैंकिंग सुधारने पर भी जोर दिया गया। इसके अतिरिक्त मंडलायुक्त ने सामूहिक विवाह योजना, फार्म रजिस्ट्री, उर्वरक उपलब्धता, पीएम कुसुम योजना, आवास योजना, अमृत सरोवर, प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना, डिजिटल लाइब्रेरी, जीरो पॉवर्टी लक्ष्य, पशुधन विभाग में कंट्रोल रूम स्थापना और गंगातीरी गायों की नस्ल सुधार योजना पर भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में जिलाधिकारी जौनपुर और चंदौली वर्चुअल माध्यम से जुड़े रहे। सभी जनपदों के मुख्य विकास अधिकारी तथा विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें