March 24, 2026 6:15 am

टनल खुदाई के दौरान ढहा दो मंजिला मकान, बाल-बाल बचे लोग

वाराणसी में लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के लिए बनाई जा रही टनल की खुदाई के दौरान एक दो मंजिला मकान ढह गया। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य बाल-बाल बच गए। मकान मालिक ने कार्यदायी संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाया है और मुआवजे की मांग की है।

वाराणसी: लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के विस्तारीकरण के तहत फोरलेन सड़क को अंडरग्राउंड करने के लिए बनाई जा रही टनल की खुदाई के दौरान बड़ा हादसा सामने आया। बाबतपुर क्षेत्र में मंगलवार को टनल की खुदाई के समय नारायण पटेल का दो मंजिला मकान अचानक भरभराकर गिर गया। गनीमत रही कि मकान गिरने से पहले परिवार के सभी सदस्य बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई।

पूरा रघुनाथपुर निवासी नारायण पटेल का मिठाई की दुकान व मकान नेशनल हाईवे किनारे स्थित है। मकान के पिछले हिस्से का मुआवजा उन्हें पहले ही मिल चुका था, जबकि शेष मकान का सर्वे होना बाकी था। इसी बीच टनल निर्माण का कार्य जारी रहा। नारायण पटेल का आरोप है कि उन्होंने निर्माण कार्य को लेकर आपत्ति भी जताई थी, इसके बावजूद रात में जेसीबी से तेजी से खुदाई की जाती रही।

खुदाई के दौरान अचानक मकान के टाइल्स टूटने की आवाज आई, जिससे परिवार को खतरे का अंदेशा हुआ। इसके बाद मकान मालिक नारायण पटेल, उनकी पत्नी शिव देवी, बेटा सुजीत, कारीगर अफरोज व किशन सहित सभी लोग तुरंत बाहर निकल आए। कुछ ही देर बाद दो मंजिला मकान पूरी तरह से गिर पड़ा। मकान गिरने से गृहस्थी का सारा सामान मलबे में दब गया।

घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोग भी मकान गिरने की आशंका को देखते हुए घरों से बाहर निकल आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि टनल निर्माण में लापरवाही बरती जा रही है, जिससे इस तरह की घटनाएं हो रही हैं। नारायण पटेल ने बताया कि मकान गिरने से करीब 10 लाख रुपये का नुकसान हुआ है। उन्होंने कार्यदायी संस्था पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए प्रशासन से मुआवजे की मांग की है।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें