March 24, 2026 12:22 pm

बीएचयू में साइकिल खड़ा करने को लेकर छात्रों और सुरक्षाकर्मियों में नोकझोंक, धरने पर बैठे छात्र, माहौल गरमाया

बीएचयू में साइकिल खड़ा करने को लेकर छात्रों और सुरक्षाकर्मियों में नोकझोंक हो गई। छात्र धरने पर बैठ गए हैं और माहौल गरमाया हुआ है। छात्रों का आरोप है कि सुरक्षाकर्मियों ने अनुचित व्यवहार किया। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश कर रहे हैं।

वाराणसी: बीएचयू में सोमवार शाम एक मामूली विवाद ने बड़ा रूप ले लिया, जब साइकिल हटाने को लेकर छात्रों और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। मामला श्री विश्वनाथ मंदिर (BHU) के पास शुरू हुआ, जहां सुरक्षा कर्मियों द्वारा खड़ी साइकिल हटाए जाने पर छात्र भड़क उठे। इसको लेकर छात्र धरने पर बैठ गए। इससे माहौल गरमा गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, साइकिल हटाने के दौरान सुरक्षाकर्मियों और छात्रों के बीच कहासुनी हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। इस घटना से आक्रोशित छात्रों ने पहले मंदिर परिसर के पास ही धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया। हालांकि, मौके पर मौजूद अधिकारियों के समझाने-बुझाने पर छात्र कुछ देर बाद वहां से हट गए, लेकिन उनका गुस्सा शांत नहीं हुआ।

इसके बाद छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल विश्वविद्यालय के प्रॉक्टोरियल (आरक्षाधिकारी) कार्यालय पहुंचा। वहां उन्होंने घटना से जुड़े सीसीटीवी फुटेज को सार्वजनिक करने और संबंधित सुरक्षाकर्मी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। छात्रों का आरोप है कि साइकिल हटाने के दौरान सुरक्षाकर्मियों ने अनुचित व्यवहार किया, जिससे स्थिति बिगड़ी।

काफी देर तक इंतजार के बावजूद जब छात्रों को संतोषजनक जवाब नहीं मिला, तो वे दोबारा एकजुट होकर बिरला ‘सी’ चौराहा पहुंच गए। यहां बड़ी संख्या में छात्रों ने धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया और विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करने लगे। देखते ही देखते चौराहे पर भीड़ बढ़ गई, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।

हालात को नियंत्रित करने के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन ने तत्काल पुलिस को सूचित किया। मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल और अतिरिक्त सुरक्षाकर्मी तैनात किए गए हैं, ताकि किसी भी अप्रिय घटना को रोका जा सके। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार छात्रों से संवाद स्थापित करने का प्रयास कर रहे हैं।

विश्वविद्यालय प्रशासन का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर तथ्य सामने आने के बाद ही दोषियों के खिलाफ उचित कार्रवाई की जाएगी। वहीं छात्र अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं और संबंधित सुरक्षाकर्मियों पर सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें