March 24, 2026 7:47 am

बीएचयू अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में लगी आग, मचा हड़कंप

बीएचयू अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में आग लग गई, जिससे हड़कंप मच गया। गनीमत रही कि उस समय वहां कोई मौजूद नहीं था। आग बाथरूम की पाइपलाइन के पास रखे सामानों में लगी थी। अस्पताल स्टाफ और सुरक्षाकर्मियों ने अग्निशमन यंत्रों से आग पर काबू पा लिया।

वाराणसी: बीएचयू अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक में अचानक आग लग गई। घटना से कुछ देर के लिए अस्पताल परिसर में हड़कंप की स्थिति बन गई, हालांकि गनीमत रही कि जिस स्थान पर आग लगी, वहां उस समय कोई मौजूद नहीं था। यदि वहां मरीज या तीमारदार होते, तो हादसा गंभीर रूप ले सकता था।

बताया जा रहा है कि एसएसबी में बाथरूम की पाइपलाइन के पास सफाई के दौरान निकलने वाला कचरा और अन्य सामान रखा जाता है। शनिवार दोपहर सामानों में आग लग गई। आग की लपटें और धुआं उठता देख आसपास मौजूद मरीजों के तीमारदारों, चिकित्सकों और पैरामेडिकल स्टाफ में खलबली मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही अस्पताल के सुरक्षाकर्मी, प्रॉक्टोरियल बोर्ड के कर्मचारी और अस्पताल स्टाफ तत्काल मौके पर पहुंचे। सभी ने मिलकर अग्निशमन यंत्रों की सहायता से आग पर काबू पाने का प्रयास किया। समय रहते की गई कार्रवाई के चलते आग फैलने से पहले ही बुझा दी गई। एहतियातन फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई थी, लेकिन जब तक दमकल की गाड़ियां पहुंचतीं, उससे पहले ही आग पर पूरी तरह नियंत्रण पा लिया गया, जिसके बाद फायर ब्रिगेड को वापस भेज दिया गया।

इस संबंध में आईएमएस बीएचयू के डिप्टी चीफ प्रॉक्टर प्रो. संतोष सिंह ने बताया कि आग लगने की सूचना मिलते ही सुरक्षा कर्मियों को तुरंत मौके पर भेजा गया। अग्निशमन यंत्रों के सही और त्वरित उपयोग से आग को नियंत्रित कर लिया गया।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें