March 24, 2026 7:34 am

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह : शहीद उद्यान में गूंजे मंगल गीत, परिणय सूत्र में बंधे 83 जोड़े, सामाजिक समरसता की मिसाल बना समारोह

वाराणसी में शहीद उद्यान में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह में 83 जोड़ों ने विवाह किया, जिसमें 80 हिंदू और 3 मुस्लिम जोड़ें शामिल थे। नवविवाहित जोड़ों को सरकार की ओर से 1 लाख रुपये की सहायता राशि और उपहार सामग्री दी गई। समारोह में सामाजिक समरसता और सामूहिक उत्सव का माहौल था।

वाराणसी: नगर निगम की ओर से सिगरा स्थित शहीद उद्यान में गुरुवार को आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह सामाजिक समरसता और सामूहिक उत्सव का साक्षी बना। मंगल गीतों और शुभकामनाओं के बीच कुल 83 जोड़ों का विवाह संपन्न हुआ। इस आयोजन में 80 हिंदू जोड़ों ने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच सात फेरे लिए। वहीं तीन मुस्लिम जोड़ों ने अपने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार निकाह कुबूल किया।

समाज कल्याण विभाग द्वारा आयोजित इस भव्य समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में महापौर अशोक कुमार तिवारी और अपर नगर आयुक्त सविता यादव उपस्थित रहीं। उन्होंने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद दिया और उनके सुखद, समृद्ध दांपत्य जीवन की कामना की। समारोह के दौरान नवदंपतियों को सरकार की ओर से निर्धारित सहायता राशि और उपहार सामग्री भी प्रदान की गई।

महापौर ने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक बड़ा सहारा सिद्ध हो रही है। उन्होंने कहा कि इस योजना के माध्यम से बेटियों की शादी अब परिवारों पर बोझ नहीं रह गई है। योजना के अंतर्गत प्रत्येक कन्या के बैंक खाते में 60 हजार रुपये की आर्थिक सहायता सीधे भेजी गई है। इसके अतिरिक्त 25 हजार रुपये की वैवाहिक उपहार सामग्री प्रदान की गई, जबकि 15 हजार रुपये आयोजन और व्यवस्थाओं पर व्यय किए गए। इस प्रकार प्रति जोड़े पर कुल एक लाख रुपये खर्च का प्रावधान किया गया है।

समारोह स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। एक ही परिसर में विभिन्न समुदायों के जोड़ों का विवाह संपन्न होना आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक बना। उपस्थित लोगों ने नवदंपतियों पर पुष्प वर्षा कर उन्हें शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान पारंपरिक संगीत और विवाह गीतों ने वातावरण को और भी उल्लासपूर्ण बना दिया। इस अवसर पर पार्षद सुरेश चौरसिया, सिंधु सोनकर, प्रवीण राय, मदन मोहन दुबे सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें