अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त कार्रवाई से तस्करी की कोशिश नाकाम, तीन बैग से बरामद हुआ गांजा।
चन्दौली: मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए 9.127 किलोग्राम अवैध गांजा के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजे की अनुमानित कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई 10 सितंबर 2026 की रात करीब 8:25 बजे डीएफसीसीआईएल लाइन के पास, मान सरोवर पोखरा के समीप की गई। सूचना मिलने के बाद अलीनगर पुलिस और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने संदिग्धों की निगरानी शुरू की। इसी दौरान तीन लोगों को संदिग्ध सामान के साथ पकड़ा गया।
तीन अलग-अलग बैग में छिपाकर रखा था गांजा…
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उदय कुमार पुत्र सच्चिदानन्द राय, निवासी नया टोला खिरोधरपुर, थाना फतुआ, पटना (बिहार), शम्भू कुमार पुत्र बलिराम राय, निवासी मेरमपुर, थाना राघोपुर, वैशाली (बिहार) और दीना कुमार पुत्र स्वर्गीय राज कुमार राय, निवासी मेरमपुर, थाना राघोपुर, वैशाली (बिहार) के रूप में हुई है।
तलाशी के दौरान उदय कुमार के ग्रे रंग के बैग से तीन बंडल, शम्भू कुमार के लाल रंग के बैग से तीन बंडल और दीना कुमार के काले रंग के बैग से तीन बंडल अवैध गांजा बरामद किया गया। कुल बरामदगी 9.127 किलोग्राम रही।
पूछताछ में वाराणसी से गांजा मिलने का दावा…
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्हें यह गांजा वाराणसी के एक व्यक्ति से मिला था और इसे पटना, बिहार ले जाया जा रहा था। आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि वहां इसे अधिक कीमत पर बेचने की योजना थी।
पुलिस ने बरामदगी और गिरफ्तारी के आधार पर मु.अ.सं. 570/2026, धारा 8/20 एनडीपीएस एक्ट, थाना अलीनगर में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस-आरपीएफ की संयुक्त टीम ने की कार्रवाई…
इस कार्रवाई में अलीनगर थाना प्रभारी निरीक्षक गगनराज सिंह के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अनिल कुमार पासवान, हेड कांस्टेबल संतोष कुमार यादव, कांस्टेबल प्रवेश कुमार सिंह और कांस्टेबल राजेन्द्र यादव शामिल रहे।
वहीं आरपीएफ पोस्ट डीडीयू नगर की टीम में उपनिरीक्षक सन्दीप कुमार, कांस्टेबल राम अवध राम तथा सीपीडीएस डीडीयू नगर के कांस्टेबल मनीष कुमार और कांस्टेबल आनन्द कुमार शामिल रहे।
पुलिस का कहना है कि मादक पदार्थों की अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।








