सीक्रेट तहखाना और 33 किलो गांजा! चन्दौली में नौगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ा शातिर तस्कर।
वाराणसी/चन्दौली: उत्तर प्रदेश के चन्दौली जिले की नौगढ़ थाना पुलिस ने नशे के सौदागरों के खिलाफ एक बहुत बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक ऐसे शातिर तस्कर को दबोचा है, जिसने पुलिस को चकमा देने के लिए अपनी मैजिक पिकअप गाड़ी में एक ‘सीक्रेट चैंबर’ (गुप्त तहखाना) बनवा रखा था। इस तहखाने के अंदर लोहे की प्लेट के नीचे छिपाकर भारी मात्रा में अवैध गांजा ले जाया जा रहा था। पुलिस ने मौके से 33.5 किलोग्राम गांजा और पिकअप वाहन को ज़ब्त कर लिया है।
फिल्म स्टाइल में हुआ खुलासा…
सूत्रों से मिली पुख्ता सूचना के आधार पर थानाध्यक्ष नौगढ़ संतोष कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने जयमोहनी रेंज के पास संदिग्ध वाहनों की घेराबंदी की। जब इस मैजिक पिकअप वाहन (संख्या: UP 65 JT 8607) को रोककर तलाशी ली गई, तो गाड़ी के पिछले हिस्से (डाले) की बनावट देखकर पुलिस का माथा ठनक गया।
तलाशी में जो सामने आया, वो किसी फिल्मी सीन से कम नहीं था। गाड़ी के फर्श पर लगी लोहे की मजबूत प्लेट को हटाकर एक विशेष गुप्त चैंबर तैयार किया गया था। इसी खुफिया तहखाने में प्लास्टिक और टेप से लपेटकर गांजे के 33 बंडल छिपाए गए थे। तहसीलदार नौगढ़ की मौजूदगी में जब इनका वजन कराया गया, तो कुल 33 किलो 500 ग्राम अवैध गांजा बरामद हुआ।
अम्बिकापुर से वाराणसी जा रही थी गांजे की खेप…
पकड़े गए आरोपी की पहचान राजीव कुमार (पुत्र रवि कुमार, निवासी- खण्डामौड़ा, थाना बहरागोड़ा, जिला पूर्वी सिंहभूम, झारखंड, उम्र करीब 29 वर्ष) के रूप में हुई है।
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने सनसनीखेज खुलासा करते हुए बताया कि वह इस अवैध गांजे की खेप को छत्तीसगढ़ के अम्बिकापुर से लेकर वाराणसी के चाँदमारी इलाके में खपाने के लिए जा रहा था।
इन धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा…
नौगढ़ थाने की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की गंभीर धाराओं के तहत मुकदमा संख्या 99/26 (धारा 8/20/60 NDPS Act) दर्ज कर लिया है। पुलिस अब इस बात की गहराई से छानबीन कर रही है कि इस सिंडिकेट के तार और कहां-कहां जुड़े हैं और इस अवैध कारोबार का मास्टरमाइंड कौन है।
कार्रवाई को अंजाम देने वाली बहादुर पुलिस टीम…
इस सफल ऑपरेशन को पूरा करने में इन पुलिसकर्मियों की अहम भूमिका रही।
1. थानाध्यक्ष संतोष कुमार (थाना नौगढ़, चन्दौली)
2. उप-निरीक्षक अभय कुमार सिंह।
3. उप-निरीक्षक हरिमोहन राम।
4. हेड कांस्टेबल परशुराम।
5. कांस्टेबल कोमल परिहार।
6. कांस्टेबल विनोद कुमार।








