February 6, 2026 8:02 am

Republic Day 2026: गणतंत्र दिवस पर मंडलायुक्त ने किया ध्वजारोहण, संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का किया आह्वान

वाराणसी में 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने कैंप कार्यालय में ध्वजारोहण किया और राष्ट्रगान के बाद उपस्थितजनों को संविधान के मूल सिद्धांतों – न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व को अपनाने का आह्वान किया। उन्होंने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए नागरिकों से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।

वाराणसी: 77वें गणतंत्र दिवस के अवसर पर मंडलायुक्त एस. राजलिंगम द्वारा कैंप कार्यालय एवं कमिश्नरी परिसर में ध्वजारोहण किया गया। इसके पश्चात राष्ट्रगान हुआ और सभी उपस्थितजनों ने राष्ट्रीय ध्वज को नमन किया। मंडलायुक्त ने उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों एवं नागरिकों को गणतंत्र दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं और संवैधानिक मूल्यों को अपनाने का आह्वान किया।

मंडलायुक्त ने संविधान के मूल सिद्धांतों न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुत्व पर विशेष बल देते हुए कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि वह राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाए। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को संविधान की प्रस्तावना की शपथ भी दिलाई गई, जिससे सभी में कर्तव्यबोध और संवैधानिक चेतना का संचार हुआ।

मंडलायुक्त ने स्वतंत्रता सेनानियों के त्याग और बलिदान को स्मरण करते हुए कहा कि देश की आजादी 200 वर्षों के संघर्ष और अनगिनत कुर्बानियों का परिणाम है। उन्होंने अंग्रेजी शासन के दौरान हुए स्वतंत्रता आंदोलन, महात्मा गांधी के नमक सत्याग्रह तथा अन्य आंदोलनों का उल्लेख करते हुए लोकतंत्र की मजबूती में नागरिकों की भूमिका को रेखांकित किया। साथ ही उन्होंने संविधान निर्माण की ऐतिहासिक प्रक्रिया और उसकी महत्ता पर प्रकाश डाला।

उन्होंने यह भी कहा कि संविधान केवल एक ग्रंथ नहीं, बल्कि देश को दिशा देने वाला जीवंत दस्तावेज है, जिसे आने वाली पीढ़ियों तक सही अर्थों में पहुंचाना हम सभी की जिम्मेदारी है। मंडलायुक्त ने युवाओं को विशेष रूप से संविधान के मूल भाव से अवगत कराने और उनमें राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी की भावना विकसित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

उन्होंने सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि आज के दौर में अनवेरिफाइड और भ्रामक सूचनाएं तेजी से फैल रही हैं, जो समाज के लिए घातक हो सकती हैं। उन्होंने सभी नागरिकों से अपील की कि वे सोशल मीडिया पर प्राप्त सूचनाओं की सत्यता जांचें और विशेषकर नई पीढ़ी को इसके दुष्प्रभाव से बचाने के लिए जागरूक करें।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें