वाराणसी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का 9 सितंबर 2026 बुधवार को वाराणसी आगमन, विभिन्न कार्यक्रमों में भ्रमण और प्रस्थान को ध्यान में रखते हुए पुलिस कमिश्नरेट यातायात विभाग ने कड़े सुरक्षा और सुगम आवागमन के इंतजाम किए हैं। शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति से बचने और वीवीआईपी मूवमेंट को सुरक्षित बनाने के लिए व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी और रूट डायवर्जन जारी किया गया है।
अगर आप कल शहर में किसी भी काम के लिए निकलने वाले हैं, तो यात्रा शुरू करने से पहले नए रूट और पाबंदियों की पूरी जानकारी ज़रूर देख लें।
सुबह 9:30 से दोपहर 2:00 बजे तक इन रास्तों पर ऑटो और ई-रिक्शा बैन…
मुख्य मार्ग: पुलिस लाइन से चौकाघाट, तेलियाबाग, मरीमाई, मलदहिया, साजन, सिगरा और रथयात्रा रूट पर ऑटो व ई-रिक्शा का संचालन पूरी तरह बंद रहेगा।
कनेक्टिंग रूट: महमूरगंज-आकाशवाणी से सिगरा मार्ग और तेलियाबाग से लहुराबीर, मैदागिन व विश्वेश्वरगंज के बीच ऑटो-ई-रिक्शा नहीं चलेंगे।
स्टेशन व मंडी क्षेत्र: इंग्लिशिया लाइन से साजन तिराहा और फूलमंडी से मलदहिया मार्ग पर भी प्रतिबंध लागू रहेगा।
प्रमुख चौराहे: अम्बेडकर चौराहा, जेपी मेहता तिराहा, सिगरा, भोजूबीर, यूपी कॉलेज, लहुराबीर, कचहरी और पुलिस लाइन की ओर ऑटो-ई-रिक्शा का प्रवेश वर्जित रहेगा।
बीएचयू और स्टेशन यात्रियों के लिए बदला रास्ता…
कैंट रेलवे स्टेशन से बीएचयू (BHU) की ओर वाया सिगरा-रथयात्रा होकर जाने वाले ऑटो और ई-रिक्शा को लहरतारा और भिखारीपुर मार्ग से डायवर्ट किया गया है। यात्री इसी वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल करें।
मैदागिन से गोदौलिया पूरी तरह नो-व्हीकल जोन…
मैदागिन से गोदौलिया के बीच सभी प्रकार के निजी और व्यावसायिक वाहनों का आवागमन पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
भारी और मालवाहक वाहनों पर पाबंदी…
राजघाट पुल व सूजाबाद: सुबह 09:00 बजे से दोपहर 01:00 बजे तक मालवाहक वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी।
एयरपोर्ट रूट: बाबतपुर पुलिस चौकी तिराहे से सुबह 11:30 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक किसी भी प्रकार के भारी या हल्के वाहन को एयरपोर्ट की तरफ नहीं जाने दिया जाएगा। इन वाहनों को बड़ागांव की ओर भेजा जाएगा।
बस संचालन: बाबतपुर की ओर से आने वाली रोडवेज व प्राइवेट बसों को हरहुआ ओवरब्रिज के ऊपर जाने की अनुमति नहीं होगी। इन्हें हरहुआ रिंग रोड चौराहे से परमपुर की तरफ मोड़ा जाएगा। वहीं जौनपुर, गाजीपुर और आजमगढ़ की तरफ से आने वाली बसें केवल हरहुआ रिंग रोड अंडरपास तक ही आ सकेंगी।
यातायात पुलिस की अपील…
वाराणसी ट्रैफिक पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वीवीआईपी कार्यक्रम के दौरान असुविधा से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें। बहुत ज़रूरी होने पर ही घर से निकलें और गंतव्य तक पहुँचने के लिए अतिरिक्त समय लेकर चलें।
आपातकालीन ट्रैफिक हेल्पलाइन…
ट्रैफिक कंट्रोल रूम: 7839856994
ट्रैफिक हेल्पलाइन: 7317202020








