February 6, 2026 8:02 am

मनोज तिवारी और निरहुआ आएंगे वाराणसी, पिंडरा महोत्सव में संस्कृति संग दिखेगी विकास की झलक

वाराणसी में 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक पिंडरा महोत्सव का आयोजन होगा, जिसमें भोजपुरी स्टार मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव निरहुआ शिरकत करेंगे। इस महोत्सव में कला, संस्कृति और विकास की अनूठी जुगलबंदी देखने को मिलेगी, जिसमें स्थानीय कलाकारों को भी मंच साझा करने का अवसर मिलेगा।

वाराणसी: पिंडरा महोत्सव का आयोजन नेशनल इंटर कॉलेज के खेल मैदान में 30 जनवरी से 1 फरवरी 2026 तक किया जाएगा। पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। इस बार महोत्सव में कला, संस्कृति और विकास की अनूठी जुगलबंदी देखने को मिलेगी। कार्यक्रम में भोजपुरी स्टार और बीजेपी सांसद मनोज तिवारी और दिनेश लाल यादव निरहुआ के शामिल होने की संभावना है।

दोनों कलाकार अपनी गायकी और अभिनय से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे। इनके अलावा स्थानीय कलाकारों को भी मंच साझा करने का अवसर दिया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा। शाम के सांस्कृतिक कार्यक्रमों में लोकगीत, संगीत और नृत्य की प्रस्तुतियां लोगों को मंत्रमुग्ध करेंगी।

पर्यटन विभाग के संयुक्त निदेशक दिनेश कुमार ने बताया कि महोत्सव केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसे सामाजिक और विकासात्मक गतिविधियों से भी जोड़ा गया है। कार्यक्रम की शुरुआत भव्य रैलियों से होगी, जिनमें स्थानीय विद्यालयों के छात्र-छात्राएं भाग लेंगे। बच्चों के लिए शैक्षिक, सांस्कृतिक और खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा, ताकि उनमें प्रतिभा और आत्मविश्वास का विकास हो सके।

महोत्सव स्थल पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जहां केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों को दी जाएगी। साथ ही महिलाओं और दिव्यांगजनों के सशक्तीकरण के उद्देश्य से आवश्यक उपकरणों का वितरण भी किया जाएगा। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद जताई जा रही है।

और पढ़ें

best news portal development company in india

Cricket Live Score

Rashifal

और पढ़ें