दिल्ली के आकाओं की फंडिंग पर चल रहा था अंतरराज्यीय नेटवर्क; आइशर ट्रक, 220 किलो गांजा और मोबाइल बरामद।
सोनभद्र: मादक पदार्थों के काले कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन शुद्धि” के तहत सोनभद्र पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। रॉबर्ट्सगंज पुलिस ने अंतरराज्यीय गांजा तस्करी गिरोह का पर्दाफाश करते हुए दो शातिर तस्करों को दबोच लिया। इनके कब्जे से 220 किलोग्राम अवैध गांजा, तस्करी में इस्तेमाल आइशर ट्रक, मोबाइल फोन और नगदी बरामद की गई है। जब्त किए गए गांजे और वाहन की कुल बाजार कीमत लगभग ₹1.20 करोड़ आंकी गई है।
घेराबंदी कर पुल के पास से दबोचे गए तस्कर…
पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक वर्मा के मार्गदर्शन और क्षेत्राधिकारी नगर श्री रणधीर मिश्र के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई अमल में लाई गई। 13 सितंबर 2026 की रात थाना रॉबर्ट्सगंज पुलिस व एसओजी टीम सनबीम स्कूल मोड़ तिराहे के पास चेकिंग अभियान चला रही थी।
इसी बीच मुखबिर से सटीक सूचना मिली कि दुआरी तिराहे के पास एक 6-पहिया आइशर वाहन खड़ा है, जिसमें संदिग्ध लोग मौजूद हैं। सूचना पर कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर वाहन में सवार दोनों आरोपी भागने लगे, जिन्हें टीम ने करीब रात 8:40 बजे पुल की रेलिंग के पास दौड़ाकर पकड़ लिया।
ट्रक में लोहे की चादरों का गुप्त केबिन…
जब पुलिस ने आइशर ट्रक (DL 1LY6546) की गहन तलाशी ली, तो उसमें तस्करों की शातिराना तरकीब सामने आई। आरोपियों ने ट्रक के मालवाहक हिस्से में लोहे की चादरों को वेल्डिंग करवाकर एक विशेष गुप्त केबिन तैयार कर रखा था। इस केबिन के अंदर 7 बोरियों में छुपाकर रखा गया 220 किलो अवैध गांजा बरामद हुआ, जिसकी कीमत करीब ₹1.10 करोड़ है।
ओडिशा से दिल्ली तक जुड़ा है नेटवर्क…
कड़ाई से की गई पूछताछ में पकड़े गए आरोपियों ने खुलासा किया कि वे दिल्ली के सरगनाओं के संपर्क में काम करते थे। गांजा खरीदने के लिए दिल्ली से ही फंडिंग की जाती थी। आरोपी पैसे लेकर ओडिशा के सुंदरगढ़ व कालाहांडी क्षेत्र गए थे, जहां स्थानीय संपर्कों के जरिए ट्रक के गुप्त केबिन में गांजा लोड कराया गया। यह खेप सोनभद्र के रास्ते दिल्ली पहुंचाई जानी थी।
कड़ी कानूनी कार्रवाई जारी…
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना रॉबर्ट्सगंज में मु0अ0सं0 763/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20/27ए/29/60 में केस दर्ज कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अब इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और मोबाइल कॉल डिटेल्स के आधार पर ओडिशा और दिल्ली से जुड़े पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है।
कार्रवाई में शामिल टीम- प्रभारी निरीक्षक धर्मेन्द्र कुमार सिंह (रॉबर्ट्सगंज), एसओजी प्रभारी राम स्वरूप वर्मा, चौकी प्रभारी विनय कुमार सिंह (हिन्दुआरी), विष्णु प्रभा सिंह (सुकृत), धर्मनारायण भार्गव (चुरुक) एवं एसओजी व थाना पुलिस बल।








