चन्दौली: जिले की मुगलसराय पुलिस, स्वाट (SOG) और सर्विलांस टीम ने मिलकर क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की वारदातों को अंजाम देने वाले एक शातिर अंतर्राज्यीय/अन्तर्जनपदीय चोर गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से चोरी के 3.50 लाख रुपये नकद, भारी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, इलेक्ट्रॉनिक्स का सामान और वारदात में इस्तेमाल गाड़ियां जब्त की हैं।
दिन में रेकी, रात में धावा: ऐसे देते थे वारदात को अंजाम…
यह गिरोह बेहद शातिराना अंदाज में काम करता था। दिन के समय सदस्य बंद मकानों और सूने पड़े क्वार्टरों की रेकी करते थे। मौका मिलते ही रात के अंधेरे में ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम देकर फरार हो जाते थे। गिरोह के निशाने पर मुख्य रूप से रेलवे कॉलोनियां और रिहायशी इलाके थे।
बरामदगी का विवरण…
पुलिस टीम ने अभियुक्तों की निशानदेही पर निम्नलिखित सामान जब्त किया है।
कैश व आभूषण: ₹3,50,000 नगद, सोने की अंगूठी व बाली, चांदी की पायल और मीना।
वाहन: चोरी के पैसों से खरीदी गई हुंडई वेन्यू कार (UP67AB8628) और घटना में प्रयुक्त ऑटो रिक्शा (UP65JT0599)।
अन्य सामान: 2 डेल लैपटॉप, 1 सोनी एलईडी टीवी, 1 इंडेन एलपीजी सिलेंडर और 11 मोबाइल फोन।
गिरफ्तार अभियुक्तों की सूची…
पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपियों के नाम व विवरण-
प्रशांत सोनी उर्फ बाबू सेठ (30 वर्ष) – निवासी सर्कस रोड, मुगलसराय।
विशाल भारती (31 वर्ष) – निवासी हनुमानपुर शाहकुटी, मुगलसराय।
रहमान उर्फ आंखी (24 वर्ष) – निवासी काशीराम आवास, मुगलसराय।
राजेश सिंह (19 वर्ष) – निवासी पाल जी का मकान (किरायेदार), मुगलसराय।
अनिल गुप्ता (19 वर्ष) – निवासी सहजौर रोड, मुगलसराय।
दीपक जायसवाल उर्फ रवींद्र (35 वर्ष) – निवासी महेवा, अलीनगर।
तुषार वर्मा (23 वर्ष) – निवासी वेस्टर्न बाजार, मुगलसराय।
लकी जायसवाल (20 वर्ष) – निवासी गल्ला मंडी, मुगलसराय।
चोरी के पैसों से खरीदी नई कार, एक दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज…
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह के तार चन्दौली, मुगलसराय और बलुआ थाना क्षेत्रों की कई वारदातों से जुड़े हैं। पकड़े गए आरोपियों में से कई का लंबा आपराधिक इतिहास रहा है; विशाल भारती और रहमान पर पहले से ही एक दर्जन से अधिक मुकदमे पंजीकृत हैं। ताज्जुब की बात यह है कि गिरोह ने चोरी की रकम से एक नई वेन्यू कार भी खरीद ली थी।
घेराबंदी कर इंडियन इंस्टीट्यूट नाच घर के पास से दबोचा…
एसपी चंदौली आकाश पटेल के निर्देशन और एएसपी सदर अनंत चंद्रशेखर व सीओ पीडीडीयू नगर अरुण कुमार सिंह के मार्गदर्शन में यह कार्रवाई की गई। 16 सितंबर 2026 को मुखबिर की सटीक सूचना पर स्वाट प्रभारी निरीक्षक राम जन्म यादव, थाना प्रभारी अर्जुन सिंह और सर्विलांस टीम ने इंडियन इंस्टीट्यूट नाच घर के पास घेराबंदी की, जहां आरोपी चोरी के माल के बंटवारे की योजना बना रहे थे। पुलिस ने सभी 8 अभियुक्तों को मौके से गिरफ्तार कर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सुसंगत धाराओं के तहत आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।








