आधी रात के बाद थर्राया रामनगर! UP ATS ने मुठभेड़ में उड़ाया खूंखार TPC कमांडर बृजेश गंजू।
30 लाख के इनामी TPC कमांडर बृजेश गंजू का रामनगर में खात्मा, बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं गोलियां।
वाराणसी: रामनगर थाना क्षेत्र में आज (20 सितंबर) तड़के उत्तर प्रदेश एंटी टेररिस्ट स्क्वाड (UP ATS) और पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। झारखंड के कुख्यात एवं प्रतिबंधित नक्सली संगठन ‘तृतीय प्रस्तुति कमेटी’ (TPC) का शीर्ष कमांडर बृजेश गंजू उर्फ गोपाल सिंह पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। मारे गए नक्सली पर झारखंड सरकार द्वारा 25 लाख रुपये और राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) द्वारा 5 लाख रुपये यानी कुल 30 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
मुखबिर की सटीक खबर पर बिछाया गया था जाल…
जानकारी के अनुसार, एटीएस को सटीक इनपुट मिला था कि झारखंड के चतरा (थाना लवलंग, ग्राम लूटू) का रहने वाला खूंखार नक्सली बृजेश गंजू अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय की तरफ जाने वाला है।
सूचना मिलते ही यूपी एटीएस की टीम ने रामनगर थाना अंतर्गत लंका मैदान के पास नाकेबंदी कर दी।
रुकने का इशारा किया तो करने लगा ताबड़तोड़ फायरिंग…
भोर के अंधेरे में जैसे ही संदिग्ध मोटरसाइकिल टेंगरा मोड़ से मुगलसराय मार्ग पर आगे बढ़ी, सुरक्षाबलों ने उसे रोकने की कोशिश की। खुद को घिरता देख बृजेश गंजू बाइक से कूद गया और पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए अंधाधुंध गोलियां चलाने लगा।
डिप्टी एसपी और हेड कांस्टेबल की बुलेटप्रूफ जैकेट पर लगीं गोलियां…
बदमाश द्वारा की गई अचानक फायरिंग में दो गोलियां सीधे यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण को जा लगीं। गनीमत यह रही कि दोनों अधिकारियों ने बुलेटप्रूफ जैकेट पहन रखी थी, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
सुरक्षाबलों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए आत्मरक्षार्थ जवाबी कार्रवाई (क्रॉस फायरिंग) की। एटीएस की तरफ से हुई सटीक फायरिंग में नक्सली कमांडर बृजेश गंजू गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित…
मुठभेड़ रुकने के बाद पुलिस टीम ने घायल नक्सली को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुँचाया, जहाँ डॉक्टरों ने परीक्षण के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
इलाके में सर्च ऑपरेशन जारी…
मुठभेड़ के बाद इलाके को पूरी तरह से सील कर दिया गया है। एटीएस और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें मौके से भागे उसके साथी की तलाश में आसपास के इलाकों में व्यापक सर्च अभियान चला रही हैं।








